आगरा में खौफनाक वारदात: कुल्हाड़ी लेकर पत्नी पर टूटे पति-जेठ, पुलिस ने आरोपी पति को भेजा जेल

Crime

​आगरा। कागारौल थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहाँ एक महिला ने अपने पति और जेठ पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।

पुराने विवाद की परिणति: सुबह-सुबह घर पहुंचे हमलावर

​पीड़िता नीतू (पत्नी योगेंद्र सिंह) ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका पति लंबे समय से उसके साथ मारपीट करता आ रहा है। वह अक्सर गाली-गलौज करता और उसे घर से निकाल देने की धमकियां भी देता था। कई बार विवाद होने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

​नीतू के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6:20 बजे वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान उसका पति योगेंद्र सिंह और जेठ लाठी-डंडों तथा कुल्हाड़ी के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया और उसे गंभीर रूप से घायल करने का प्रयास किया। हमले से घबराई महिला ने किसी तरह खुद को बचाया और घर के एक कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने तत्काल डायल-112 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी।

डायल-112 की सूझबूझ से बची जान

महिला की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देख आरोपी पक्ष में हड़कंप मच गया। पीड़िता का आरोप है कि उसका जेठ मौके से फरार हो गया, जबकि पति ने पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता की। पुलिस ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और पूरे मामले की जानकारी ली। पीड़िता ने दोनों आरोपियों से अपनी जान-माल को खतरा बताया और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस की कार्रवाई: पति गिरफ्तार, दूसरे आरोपी की तलाश जारी

थाना प्रभारी अंकुर राठी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि, “पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच के बाद आरोपी पति योगेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।”

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार चल रहे जेठ की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Dr. Bhanu Pratap Singh