आगरा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बीएसएनएल ग्राउंड, आगरा में चार दिवसीय प्रदर्शनी एवं विकास मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। प्रदेश आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
मेले में कृषि, उद्यान, महिला एवं बाल विकास, नगर निगम, स्वास्थ्य, श्रम, परिवहन, खादी ग्रामोद्योग, पंचायती राज, पशुपालन तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया जा रहा है।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की विशेष चित्र प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जिसमें केंद्र सरकार के 12 वर्ष और प्रदेश सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। साथ ही राम मंदिर मॉडल सेल्फी प्वाइंट भी लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहा, जहां बड़ी संख्या में आगंतुकों ने सेल्फी ली।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक विभाग के कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक, ब्रज रास नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से 17 से 20 जून तक आयोजित विकास मेले का अवलोकन करने तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. धर्मपाल, चौ. बाबूलाल सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
- Agra News: बच्चों को बांटी गईं ‘एक्सपायरी दवाएं’, प्रशासन सख्त; ड्रग विभाग ने लिए सैंपल, एसडीएम ने दिए जांच के आदेश - June 17, 2026
- आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज का कमाल: दुर्लभ ‘गिलियन-बैरे सिंड्रोम’ से जूझ रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग को डॉक्टरों ने दिया नया जीवन - June 17, 2026
- आगरा में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई: अंगूठी गांव में तीन साल बाद तालाब हुआ अतिक्रमण मुक्त; मंदिर-मस्जिद समेत अवैध निर्माण ध्वस्त - June 17, 2026