जरार डकैती कांड: सांसद राजकुमार चाहर ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, कहा- ‘अपराधी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा’

स्थानीय समाचार

आगरा: बाह क्षेत्र के कस्बा जरार में सर्राफा व्यापारी अंबरीश गुप्ता के घर हुई सनसनीखेज डकैती के बाद इलाके में व्याप्त दहशत के बीच फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर पीड़ित परिवार का संबल बनने पहुंचे। मंगलवार को पीड़ित के आवास पर पहुंचकर सांसद ने परिवार के सदस्यों से घटना की विस्तृत जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

​’दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई’

सांसद राजकुमार चाहर ने घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि डकैती जैसी गंभीर वारदात के आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे पहुँचाया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मामले की जांच हर पहलू से की जाए और आरोपियों की गिरफ्तारी में कोई ढिलाई न बरती जाए।

सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग

क्षेत्र में आपराधिक वारदातों के प्रति चिंता जताते हुए सांसद ने सुरक्षा तंत्र को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और संवेदनशील इलाकों में निगरानी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जाए।

पुलिस ने दी जांच की जानकारी

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने सांसद को बताया कि डकैती कांड के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें पूरी तत्परता से काम कर रही हैं। संदिग्धों की गतिविधियों, तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त सुरागों के आधार पर जांच की जा रही है। अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि जल्द ही इस घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

इस दौरान सांसद के साथ भाजपा जिला मंत्री सतेंद्र बरुआ, जिला पंचायत सदस्य कृष्णपाल सिंह, एसीपी हरिकृष्ण शर्मा, थाना अध्यक्ष डीपी तिवारी, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष देवेंद्र रावत और मंडल अध्यक्ष रविन्द्र बघेल सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh