आगरा: कलश सज्जा और मेहंदी उत्सव के साथ राधा-माधव कथा का भव्य आगाज, भक्ति के रंग में रंगा कमला नगर

PRESS RELEASE

आगरा। कमला नगर स्थित अग्रवाल सेवा सदन में 16 जून 2026 से शुरू होने वाली त्रिदिवसीय ‘राधा-माधव कथा’ का माहौल अभी से भक्तिमय हो उठा है। कथा के आधिकारिक शुभारंभ से पूर्व, सद्भावना पार्क में महिलाओं द्वारा आयोजित भव्य ‘कलश सज्जा एवं मेहंदी उत्सव’ ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। इस विशेष पूर्व-कार्यक्रम ने राधा-कृष्ण के प्रति क्षेत्रवासियों की गहरी आस्था और उत्साह को प्रदर्शित किया।

आस्था और कला का अनूठा मिलन

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने बड़ी श्रद्धा के साथ मंगल कलशों को अलंकृत किया और कथा महोत्सव के स्वागत में अपने हाथों में मेहंदी रचाई। कार्यक्रम संयोजिका मीरा अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस उत्सव में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान सीमा गर्ग, चारू गर्ग, साधना वर्मा, सोनिया शर्मा, प्रियंका अग्रवाल, नीलम अग्रवाल, शशि जिंदल और संगीता पोद्दार सहित अनेक महिलाएं भक्तिभाव में डूबी नजर आईं। प्रतिभा जिंदल ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को कुशलतापूर्वक संभाला।

वृंदावन की रसधारा से सजेगी धर्मसभा

​आयोजकों ने बताया कि इस त्रिदिवसीय कथा का मुख्य आकर्षण वृंदावन धाम की प्रख्यात कथा व्यास पूज्य श्री जी महेश्वरी जी का सानिध्य है। वे अपने मुखारविंद से ‘राधा-माधव रसामृत’ की कथा का श्रवण कराएंगी। यह कथा महोत्सव भक्ति, ज्ञान और राधा-कृष्ण के शाश्वत प्रेम की रसधारा प्रवाहित करेगा, जो श्रद्धालुओं के लिए एक आध्यात्मिक अनुभव होगा।

विश्व मंगल सेवा संस्थान, आगरा द्वारा आयोजित इस महोत्सव के प्रति शहरवासियों में भारी उत्साह है। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमियों से आग्रह किया है कि वे इस पावन कथा में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करें और अपने जीवन को आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित करें।

Dr. Bhanu Pratap Singh