आगरा। सामाजिक सेवा और लोक कल्याण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय ‘श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी’ को स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। रविवार को कमेटी के विद्युत शवदाहगृह स्थित कार्यालय में संपन्न एक कार्यक्रम में दानदाताओं द्वारा 5 बायपेप (Bi PAP) मशीनें भेंट की गईं। ये मशीनें उन मरीजों के लिए संजीवनी का कार्य करेंगी जिन्हें श्वसन संबंधी आपातकालीन स्थितियों में तत्काल सहायता की आवश्यकता होती है।
स्मृति में अर्पित कीं मशीनें
मानवता की सेवा को समर्पित इस कार्यक्रम में दानदाता परिवारों ने भावुक होकर अपने दिवंगत स्वजनों की पुण्य स्मृति में यह सहयोग दिया आशा गोयल एवं नितिन गोयल (तारघर) ने अपने स्वर्गीय पिता प्रभात गोयल की पुण्य स्मृति में 3 बायपेप मशीनें भेंट कीं। उमा देवी अग्रवाल (कारगिल पेट्रोल पंप के पास) ने अपने दिवंगत पति स्वर्गीय राधा रमण अग्रवाल (लोहा मंडी) की स्मृति में 2 बायपेप मशीनें समिति को समर्पित कीं।
सेवा की क्षमता में हुई वृद्धि
समिति के अध्यक्ष अनिल जिंदल एवं महासचिव राजीव अग्रवाल ने इन उदार दानदाताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग ही संस्था की असली ताकत है। मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने जानकारी दी कि अब तक कमेटी के पास केवल एक ही बायपेप मशीन उपलब्ध थी, जिससे मांग बढ़ने पर मरीजों को कठिनाई होती थी। पांच नई मशीनों के आने से अब एक साथ कई जरूरतमंद मरीजों को यह महत्वपूर्ण सुविधा सुगमता और समय पर उपलब्ध कराई जा सकेगी।
गरिमामयी उपस्थिति
इस पुनीत अवसर पर दानदाता परिवारों के साथ समिति के अनेक पदाधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे, जिनमें विष्णु गर्ग, ताराचंद गोयल, राकेश कुमार अग्रवाल, संजीव गुप्ता, राकेश गर्ग, मनोज शर्मा, विपिन जिंदल और किशन कुमार अग्रवाल आदि प्रमुख थे।
इस पहल ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि आगरा का समाज सेवा और परोपकार की भावना में सदैव अग्रणी रहता है। इन मशीनों के उपलब्ध होने से चिकित्सा के क्षेत्र में समिति की सेवा क्षमता कई गुना बढ़ गई है।
- आगरा के बरहन में बच्चों के विवाद का खूनी अंजाम: लाठी-डंडों से हमला, मासूम समेत एक ही परिवार के चार लोग लहूलुहान - June 16, 2026
- ताजमहल पर 17 वर्षीय पर्यटक की बिगड़ी तबीयत: गर्मी से बेहाल किशोरी के लिए फरिश्ता बनी पुलिस और सीआईएसएफ की टीम - June 16, 2026
- आगरा कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला: प्रॉपर्टी के लालच में सगी बहन की जान लेने वाले भाई को फांसी की सजा - June 16, 2026