अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे और दान की धनराशि में कथित हेराफेरी के आरोपों पर अब संत समाज के वरिष्ठ चेहरे भी मुखर हो गए हैं। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास ने इस पूरे प्रकरण पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जहां जांच का समर्थन किया है, वहीं जांच एजेंसियों और आरोप लगाने वालों दोनों की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
”जांच कौन करेगा? सब तो बेईमान हैं”
महंत कमल नयन दास ने तीखे लहजे में कहा कि यदि गड़बड़ी हुई है तो उसकी जांच अवश्य होनी चाहिए, लेकिन मौजूदा व्यवस्था और जांच के तौर-तरीकों पर उन्हें संशय है। उन्होंने कहा, “आज स्थिति यह है कि जो जांच कर रहे हैं, उनकी ईमानदारी पर भी प्रश्नचिह्न हैं। कौन दूध का धुला है? जो लोग आज शोर मचा रहे हैं, क्या वे खुद पाक-साफ हैं?”
आरोप लगाने वालों पर किया कटाक्ष
महंत ने बिना नाम लिए राजनीतिक विरोधियों और आलोचकों पर निशाना साधते हुए उनके रहन-सहन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “जो लोग कभी साइकिल पर चलते थे, आज वे बड़ी-बड़ी गाड़ियों और आलीशान भवनों में रह रहे हैं। आखिर यह संपत्ति कैसे बनी? इसका जवाब भी समाज को मिलना चाहिए।” उन्होंने जोर देकर कहा कि भगवान सब देख रहे हैं और अंततः वही न्याय करेंगे। जो जैसा कर्म करेगा, उसे वैसा ही फल मिलेगा।
सेवा और राष्ट्र सर्वोपरि
राम जन्मभूमि आंदोलन की यादें ताजा करते हुए उन्होंने कहा कि उनके लिए हमेशा राष्ट्र और मंदिर निर्माण सर्वोपरि रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी भी राजनीतिक विवाद या व्यक्ति विशेष की खींचतान में नहीं पड़ना चाहते। उनका एकमात्र लक्ष्य समाज कल्याण और प्रभु की सेवा है।
जमीनी हकीकत: डेढ़ करोड़ की रिकवरी की चर्चा
यह विवाद तब और गहरा गया जब कथित हेराफेरी के आरोपों के बाद मंदिर के कुछ कर्मचारियों से पूछताछ की खबरें सामने आईं। राजनीतिक गलियारों में चल रही चर्चाओं के अनुसार, इस मामले में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की रिकवरी भी हो चुकी है। हालांकि, ट्रस्ट ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है, लेकिन संत समाज की ओर से आई यह प्रतिक्रिया मामले में एक नया मोड़ ले आई है।
- सुभाष घई की नई पहल: ‘व्हिसलिंग वुड्स-इनवीडियो एआई लैब’ से भविष्य के फिल्ममेकर्स को मिलेगी तकनीक की शक्ति - June 12, 2026
- क्या वास्तविकता और भ्रम के बीच की रेखा मिट गई है? ‘नव्या चक्र’ के ट्रेलर ने बढ़ाई दर्शकों की धड़कनें - June 12, 2026
- वोट और सरकार के बाद अब ‘सीट चोरी’ कर रही भाजपा… राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर बड़ा हमला - June 12, 2026