आगरा। बल्केश्वर स्थित गंगे गौरी पार्क में गुरुवार को भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री श्याम लाडला परिवार सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित ‘नौका विहार महोत्सव’ और श्री श्याम अरदास संकीर्तन में खाटू नरेश की दिव्य झांकी ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। नौका पर विराजित बाबा के अलौकिक श्रृंगार के दर्शन कर भक्तों की आँखें निहाल हो गईं और पूरा परिसर “हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारे” के जयकारों से गूंज उठा।
भजनों की रसधारा में झूम उठे श्रद्धालु
कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के अध्यक्ष नीरज गुप्ता और उपाध्यक्ष विष्णु खंडेलवाल द्वारा अखंड ज्योति प्रज्ज्वलन के साथ हुई। संकीर्तन की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया।
भजन गायक त्रिलोकी शर्मा और यश सिंघल ने अपनी सुरीली आवाज में बाबा की महिमा का गुणगान किया, तो वहीं झारखंड से पधारे अनुभव अग्रवाल ने “तेरी रहमतों का दरिया” और “श्याम दिखता नहीं पर वो मौजूद है” जैसे भावपूर्ण भजनों से माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। भरतपुर के नरेश खत्री के भजनों ने श्रद्धालुओं में भक्ति और विश्वास का नया संचार किया। भजनों की धुन पर भक्त देर रात तक नाचते-गाते रहे और बाबा के प्रति अपनी अनन्य आस्था व्यक्त की।
आस्था का केंद्र बना ‘नौका विहार’
नौका पर विराजमान खाटू श्याम बाबा का श्रृंगार कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। भक्तों ने कतारबद्ध होकर बाबा के दर्शन किए और समिति द्वारा वितरित प्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम के समापन पर आशु गोयल और राजीव अग्रवाल ने बाबा की मंगल आरती उतारी, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
गंगा दशहरा पर हरिद्वार ले जाएगी बस सेवा
सेवा समिति के अध्यक्ष नीरज गुप्ता ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि समिति द्वारा संचालित मासिक निःशुल्क बस सेवा के क्रम में, इस बार 27 जून को गंगा दशहरा पर्व के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को हरिद्वार में गंगा स्नान कराया जाएगा।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में दीपांशु खंडेलवाल, सौनेन्द चौहान, प्रांशु अग्रवाल, अमित गोयल, हर्ष अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, रवि गुप्ता, मनोज टेंट वाले और मनोज सैनी समेत समिति के सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
- आगरा: खाटू श्याम मंदिर में ‘दान पात्र’ पर पैर रखने वाली तस्वीर से विवाद, पुजारी ने मांगी सार्वजनिक माफी - June 11, 2026
- श्याम नाम की सरिता में गोते लगाते भक्त: आगरा के बल्केश्वर में सजे ‘श्याम बाबा’, नौका विहार महोत्सव में उमड़ा आस्था का जनसैलाब - June 11, 2026
- श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग: भागवत कथा में छाई भक्ति की बयार, ‘नंद के आनंद भयो’ से गुंजायमान हुआ आगरा का वजीरपुरा - June 11, 2026