Agra News: परमा एकादशी पर श्री खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, श्याम नाम के जयघोष से गूंज उठी ताजनगरी

RELIGION/ CULTURE

आगरा। पुरुषोत्तम मास में पड़ने वाली परम पुण्यदायी परमा एकादशी के पावन अवसर पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। प्रातःकालीन मंगला आरती से लेकर रात्रि शयन आरती तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्याम भक्तों ने बाबा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

एकादशी के विशेष अवसर पर श्री श्याम बाबा का मनोहारी एवं दिव्य श्रृंगार किया गया। बाबा को श्वेत एवं लाल पुष्पों से अलंकृत कर स्वर्ण मुकुट, कुंडल तथा आकर्षक आभूषणों से सजाया गया। अलौकिक श्रृंगार के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। पूरे दिन मंदिर में भजन-कीर्तन, आरती एवं प्रसाद वितरण का क्रम चलता रहा।

श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने परमा एकादशी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पुरुषोत्तम मास में आने वाली यह एकादशी अत्यंत फलदायी एवं मोक्षदायिनी मानी गई है। शास्त्रों में वर्णित है कि इस दिन श्रद्धा और भक्ति भाव से भगवान विष्णु तथा श्री श्याम प्रभु की आराधना करने से सभी प्रकार के पापों का क्षय होता है तथा जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आगमन होता है।

उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम मास स्वयं भगवान श्रीहरि को समर्पित है और इस मास में की गई पूजा, जप, तप एवं दान का फल कई गुना बढ़ जाता है।

उन्होंने बताया कि एकादशी महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न भक्त परिवारों द्वारा सेवाएं समर्पित की गईं। श्रृंगार सेवा एवं संध्या भोग सेवा श्री खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट द्वारा संपन्न कराई गई। वहीं पोशाक सेवा नवीन गोयल, इत्र सेवा राजकुमार सिंघल तथा राजभोग सेवा राजेश जैसवाल द्वारा श्रद्धापूर्वक अर्पित की गई।

दिनभर मंदिर परिसर में भक्तों ने “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” एवं “जय श्री श्याम” के जयघोष के साथ भक्ति रस का आनंद लिया। रात्रि में विशेष आरती एवं भोग के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अमित गोयल, विपिन बंसल, विकास गोयल आदि उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh