ऑस्ट्रेलिया में भी पीछा नहीं छोड़ा दहेज के दानव ने: आगरा की बहू को फ्लैट और करोड़ों के लिए किया प्रताड़ित, शेल्टर होम में लेनी पड़ी शरण

Crime

आगरा: दहेज का लोभ अब देश की सीमाएं लांघकर सात समंदर पार ऑस्ट्रेलिया तक पहुंच गया है। आगरा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक नवविवाहिता को अपने पति और ससुराल वालों की दहेज की भूख का शिकार होना पड़ा। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

मामले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पीड़िता को अपनी जान बचाने के लिए ऑस्ट्रेलिया में शेल्टर होम की शरण लेनी पड़ी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी पति आशीष, सास उमेश और ससुर जगपाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

शानदार शादी के बाद शुरू हुआ असली संघर्ष

पीड़िता के अनुसार, उसका विवाह जनवरी 2024 में दिल्ली के एक भव्य होटल में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुआ था। मायके पक्ष ने इस शादी में करीब 45 लाख रुपये खर्च किए थे, साथ ही 75 लाख रुपये मूल्य के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण दिए थे। शादी की यह चमक-धमक ससुराल वालों की आंखों में नहीं चढ़ी और विदाई के कुछ समय बाद ही उनका असली चेहरा सामने आ गया।

पीड़िता का आरोप है कि ससुरालियों ने उसे मायके वालों से काट दिया और घर में कैदी जैसा व्यवहार करने लगे। धीरे-धीरे एक करोड़ रुपये नकद और ऑस्ट्रेलिया में फ्लैट खरीदने की मांग जोर पकड़ने लगी।

गहनों पर कब्जा और ऑस्ट्रेलिया में अत्याचार

पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वालों ने सहानुभूति का नाटक कर उसके सभी कीमती गहने और सामान अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद मार्च 2024 में पति उसे भारत में अकेला छोड़कर ऑस्ट्रेलिया चला गया। नवंबर 2024 में जब विवाहिता टूरिस्ट वीजा पर ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड शहर पहुंची, तो उसे उम्मीद थी कि शायद हालात बदलेंगे, लेकिन वहां जाकर तो उसके साथ जुल्मों की इंतहा हो गई।

​वीडियो कॉल पर प्रताड़ना, ऑस्ट्रेलिया पुलिस बनी सहारा

एडिलेड में पति ने फ्लैट और नकदी के लिए फिर से दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब पीड़िता ने असमर्थता जताई, तो पति ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि बाद में सास-ससुर भी वहां पहुंच गए और उनके उकसावे पर पति ने उसे बुरी तरह प्रताड़ित किया। उन्होंने न केवल उसे मारा-पीटा, बल्कि वीडियो कॉल के जरिए उसके माता-पिता को प्रताड़ना दिखाते हुए गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी। हारकर पीड़िता ने ऑस्ट्रेलिया पुलिस की मदद ली।

ऑस्ट्रेलियाई एजेंसियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे शेल्टर होम में शिफ्ट किया। बाद में अपनी मेहनत से उसने स्पाउस वीजा प्राप्त किया और बहुराष्ट्रीय कंपनी ‘डिलायट’ में नौकरी पाकर खुद को संभाला।

भारत लौटने पर मिलीं धमकियां

मार्च 2026 में जब पीड़िता भारत लौटी और अपने ससुराल पहुंची, तो उसे घर पर ताला मिला। उसने फोन पर जब अपने जेवर और सामान मांगे, तो ससुराल वालों ने उसे जान से मारने की धमकी दे दी। अंततः पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अब पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में जुट गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा है।

Dr. Bhanu Pratap Singh