आगरा: आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय स्थित जेपी सभागार में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) (NUJ-I) के राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोकतंत्र के चहुंमुखी विकास में मीडिया की अनिवार्य भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक सजग और निष्पक्ष पत्रकार ही सरकार की कमियों को उजागर कर जनहित को साधता है और उपलब्धियों को धरातल तक पहुँचाकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाता है।
कार्यक्रम का श्रीगणेश मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। मंच पर पहुंचते ही एनयूजे के प्रदेश उपाध्यक्ष अजेंद्र चौहान व जिला अध्यक्ष के.पी. सिंह ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का माल्यार्पण कर उनका आत्मीय स्वागत किया। इससे पूर्व, केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अपने संबोधन में उन्होंने 1972 से संचालित एनयूजे (इंडिया) की 55 वर्षों की गौरवगाथा को नमन करते हुए कहा कि भारतीय परंपरा में संगठन का महत्व सत्ता से ऊपर रहा है। उन्होंने राजनेताओं, चिकित्सकों और पुलिसकर्मियों की भांति पत्रकारों को भी ‘चौबीस घंटे’ तत्पर रहने वाला रक्षक बताया।
डिप्टी सीएम ने आपातकाल के उस संघर्षपूर्ण दौर को याद किया जब पत्रकारों ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अभूतपूर्व चुनौतियों का सामना किया था। ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ की पैरवी करते हुए उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रहित का निर्णय है, जिससे न केवल समय और धन की बचत होगी, बल्कि देश की विकास गति में भी अभूतपूर्व तेजी आएगी। साथ ही, उन्होंने ऊर्जा संरक्षण को वर्तमान समय की महती आवश्यकता बताते हुए नागरिकों से बचत की भारतीय परंपरा को अपनाने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का जिक्र करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आज भारत ‘आत्मनिर्भर’ और ‘विकसित’ होने की ओर अग्रसर है। ‘मेक इन इंडिया’ से रोजगार के नए द्वार खुले हैं और रक्षा, ऊर्जा व परमाणु अनुसंधान के क्षेत्र में भारत ने वैश्विक पटल पर नई इबारत लिखी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को मिल रहे अंतरराष्ट्रीय सम्मान वास्तव में देश की 150 करोड़ जनता के गौरव का प्रतीक हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि उत्तर प्रदेश सरकार पत्रकारों के हितों के संरक्षण के लिए पूरी तरह संवेदनशील है और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
वहीं, एनयूजे (इंडिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने अपने स्वागत भाषण में संगठन के ऐतिहासिक संघर्षों का उल्लेख किया। उन्होंने मीडिया की आजादी को अक्षुण्ण रखने के लिए फर्जी पत्रकारों और बिना मान्यता वाले संगठनों की बढ़ती संख्या पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस गंभीर मुद्दे पर संगठन का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री से मिलकर ठोस कार्रवाई की मांग करेगा।
इस अवसर पर मंच का संचालन सुरेंद्र दुबे ने किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव प्रदीप तिवारी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अरविंद सिंह, राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रमोद गोस्वामी, वीरेंद्र सक्सेना, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी, मोहन बाबू अग्रवाल, जिला महासचिव दिलीप सुराना, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनियां, शहर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता तथा विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, शिक्षाविद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
- आगरा में भारी बारिश के पूर्वानुमान के चलते 26 सितंबर को 12वीं तक के सभी स्कूल बंद, जिलाधिकारी ने जारी किए आदेश - September 25, 2026
- वाराणसी से वडनगर तक 2000 किमी की ‘सेवा यात्रा’ का आगरा में भव्य स्वागत, जनप्रतिनिधियों ने किया अभिनंदन - September 25, 2026
- आगरा में एक्मा के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संभाला कार्यभार: कपड़ा व्यापारियों के हितों की रक्षा करने का लिया संकल्प - September 25, 2026