मिट्टी के ढेर में दबी जिंदगी: फतेहपुर सीकरी में खेल-खेल में हुआ हादसा, 8 वर्षीय बच्ची गंभीर; आगरा रेफर

स्थानीय समाचार

​फतेहपुर सीकरी (आगरा): उंदेरा गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया। मिट्टी लेने गई 8 वर्षीय मासूम परी अचानक मिट्टी की ढाय (मिट्टी का बड़ा ढेर) ढहने से उसके नीचे दब गई। ग्रामीणों की तत्परता से बच्ची को सुरक्षित बाहर तो निकाल लिया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसे इलाज के लिए आगरा रेफर करना पड़ा है।

खेल-खेल में हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोमल सिंह की 8 वर्षीय बेटी परी अन्य बच्चों के साथ गांव के बाहरी इलाके में मिट्टी लेने गई थी। खेलते-खेलते वह मिट्टी के ऊंचे ढेर के पास पहुंच गई। तभी अचानक मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर परी उसके नीचे दब गई। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद लोग और परिजन बदहवास होकर दौड़ पड़े।

ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता

हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद परी को मिट्टी से बाहर निकाला। परिजन उसे तत्काल फतेहपुर सीकरी सीएचसी ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए आगरा के अस्पताल में रेफर कर दिया।

​परिजनों में कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। बच्ची के चाचा बनवारी ने बताया कि परी अन्य बच्चों के साथ मिट्टी लेने गई थी, जहां यह अनहोनी हो गई। फिलहाल आगरा में उसका उपचार चल रहा है और पूरा परिवार उसकी सलामती के लिए दुआएं कर रहा है। इस दर्दनाक हादसे ने गांव में मातम और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

Dr. Bhanu Pratap Singh