बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाली तस्वीरें सामने आई हैं, जो उज्ज्वला और डिजिटल इंडिया के दौर में गैस वितरण व्यवस्था की पोल खोल रही हैं। जिले में रसोई गैस (LPG) की भारी किल्लत के चलते लोग अब अपने घरों को छोड़ गैस एजेंसियों के बाहर रात गुजारने को मजबूर हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित रत्नाकर गैस एजेंसी के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक मच्छरों से बचने के लिए फुटपाथ पर ही मच्छरदानी लगाकर सोता नजर आ रहा है।
रात 10 बजे से ही ‘नंबर’ की जंग
गैस सिलेंडर न मिलने के डर से लोग रात 10 बजे से ही एजेंसी के बाहर डेरा डाल रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर वे सुबह आते हैं, तो स्टॉक खत्म होने की बात कहकर उन्हें खाली हाथ लौटा दिया जाता है। इसी हताशा में युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक ने सड़क किनारे बिछावन लगा लिया है। वायरल वीडियो में दिख रहा नजारा प्रशासन की अनदेखी और सप्लाई चेन की विफलता का जीता-जागत प्रमाण है।
बुजुर्गों और महिलाओं पर सबसे ज्यादा मार
नियमित आपूर्ति न होने के कारण गृहणियों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूरी रात फुटपाथ पर पहरा देने के बाद भी इस बात की कोई गारंटी नहीं होती कि सुबह उन्हें गैस मिल ही जाएगी। मच्छरों के प्रकोप और असुरक्षित रातों के बीच लोग केवल एक अदद गैस सिलेंडर के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर हैं।
नाराजगी में बदली हताशा: प्रशासन से गुहार
स्थानीय लोगों का गुस्सा अब सातवें आसमान पर है। गैस उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग से मांग की है कि गैस की नियमित सप्लाई सुनिश्चित की जाए। लोगों का कहना है कि ऐसी अमानवीय स्थिति पहले कभी नहीं देखी गई। यदि जल्द ही वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो नागरिक सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को विवश होंगे।
- यूपी के किसानों के लिए सीएम योगी का बड़ा फैसला: बेमौसम बारिश से फसल नुकसान की होगी भरपाई, तुरंत सर्वे के आदेश - April 1, 2026
- Agra News: महावीर जयंती पर शारदा विश्वविद्यालय में गरिमामयी आयोजन, अहिंसा और मानवता का दिया संदेश - April 1, 2026
- उज्ज्वला के दौर में ये कैसी किल्लत? बस्ती में सिलेंडर के लिए फुटपाथ बना ‘बसेरा’, मच्छरदानी लगाकर गैस एजेंसी के बाहर सो रहा युवक - April 1, 2026