आगरा: ताजनगरी की कानून-व्यवस्था को और अधिक धारदार बनाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और क्षेत्रीय जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से देर रात चौकी इंचार्ज और उपनिरीक्षक (SI) स्तर के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदल दिए गए हैं। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर जारी इस सूची में सिकंदरा, न्यू आगरा, ताजगंज और जगदीशपुरा जैसे संवेदनशील इलाकों में नए चेहरों को कमान सौंपी गई है।
मैदान में नए सिपहसालार: फील्ड व्यवस्था को किया चुस्त-दुरुस्त
इस फेरबदल को पुलिस प्रशासन की उस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके तहत थानों और चौकियों पर तैनात अधिकारियों की सक्रियता बढ़ाई जानी है। खासतौर पर पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण ताजमहल क्षेत्र, घनी आबादी वाले जीवनी मंडी और ईदगाह जैसे इलाकों में अनुभवी और ऊर्जावान अधिकारियों को तैनात किया गया है। इस बदलाव का मुख्य लक्ष्य स्थानीय शिकायतों का त्वरित निस्तारण और इंटेलिजेंस नेटवर्क को मजबूत करना है।
इन चौकी प्रभारियों के बदले गए ठिकाने
जारी सूची के अनुसार, प्रशांत सिंह को प्राची टॉवर से हटाकर पदम प्राइड (सिकंदरा) की जिम्मेदारी दी गई है। मोहित मलिक अब बिचपुरी (जगदीशपुरा) की जगह बिंदु कटरा (सदर) के नए चौकी इंचार्ज होंगे। श्रीकांत को न्यू आगरा थाने से अमर विहार चौकी का प्रभार मिला है, जबकि रामनरेश को ट्रांस यमुना से हटाकर ईदगाह (रकाबगंज) भेजा गया है।
इसी क्रम में विकास यादव अब ताजमहल रिपोर्टिंग चौकी के बजाय बसई चौकी संभालेंगे। सोनू कुमार को दयालबाग और योगेश पंवार को जीवनी मंडी चौकी का प्रभार दिया गया है। गौरव राठी को जीवनी मंडी से बिचपुरी भेजा गया है, जबकि दीपशिखा अब न्यू आगरा की डिवीजन चौकी की कमान संभालेंगी। ताजमहल रिपोर्टिंग चौकी की जिम्मेदारी अब गौरव कुमार के कंधों पर होगी।
दरोगाओं की फेहरिस्त में भी बड़ा उलटफेर
चौकी इंचार्जों के साथ-साथ उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में भी बड़ा बदलाव हुआ है। रोहित कुमार को सिकंदरा में प्राची टावर का प्रभार मिला है, तो श्रद्धेय शुक्ला को लोहामंडी से मंटोला की रेलवे लाइन चौकी भेजा गया है। राहुल कुमार राणा को मंटोला से हटाकर सिकंदरा थाना भेजा गया है।
इसके अलावा, रोहित वर्मन को कमला नगर से हटाकर ‘ताज सुरक्षा’ जैसी महत्वपूर्ण यूनिट में तैनात किया गया है। लोकेश कुमार को न्यू आगरा से हटाकर पुलिस लाइन संबद्ध किया गया है, जबकि कोमल पाण्डेय और अंकिता चौधरी के बीच शाहगंज और जगदीशपुरा थानों का तबादला हुआ है।
संवेदनशील इलाकों और पर्यटन पर विशेष फोकस
पुलिस महकमे में इस अचानक हुई हलचल को केवल रूटीन प्रक्रिया नहीं माना जा रहा है। जानकारों का कहना है कि आगामी त्यौहारों और शहर में बढ़ रही भीड़भाड़ को देखते हुए यह ‘फील्ड री-स्ट्रक्चरिंग’ की गई है। दयालबाग, मंटोला और ताजगंज जैसे इलाकों में नई तैनाती से यह साफ है कि प्रशासन का फोकस क्राइम कंट्रोल के साथ-साथ वीआईपी मूवमेंट और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर भी है। अब देखना होगा कि ये नए ‘फील्ड कमांडर’ अपनी नई चौकियों पर कानून-व्यवस्था को कितना मजबूत कर पाते हैं।
- भाजपा में कुछ ‘पहिये’ खुद को समझने लगे हैं स्टीयरिंग…सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए सहयोगी दलों पर कसा तंज - September 29, 2026
- महाराजा अग्रसेन जयंती: आगरा के बल्केश्वर में सजेगा विशाल एकता महायज्ञ, 1100 अग्रवंशी परिवार होंगे एक सूत्र में एकजुट - September 29, 2026
- यूपी में पूरी तरह प्रतिबंधित हुए हुक्का बार, इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, मुख्य सचिव और DGP को भेजा आदेश - September 29, 2026