मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति ने मंडी परिषद की नई व्यवस्था को व्यापारियों के लिए अनावश्यक और परेशानी बढ़ाने वाली बताया
आगरा। श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति के पदाधिकारियों ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम एक ज्ञापन विधायक (उत्तरी विधानसभा क्षेत्र) पुरुषोत्तम खंडेलवाल को उनके कार्यालय पर सौंपा। ज्ञापन में उत्तर प्रदेश मंडी परिषद द्वारा लागू की गई ई-वाहन टैगिंग एप व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की गई।
समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद मंगल एवं महामंत्री शैलेन्द्र अग्रवाल (शालू) ने ज्ञापन में कहा कि मंडी परिषद द्वारा लागू की गई ई-वाहन टैगिंग एप व्यवस्था पूरी तरह से अनावश्यक एवं व्यापारियों को परेशान करने वाली है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में व्यापारी मंडी परिषद के निर्धारित प्रपत्र 9आर, 6आर, 7आर, गेट पास तथा प्री-अराइवल जैसी सभी आवश्यक औपचारिकताओं का विधिवत पालन करते हैं, जिससे मंडी शुल्क की अपवंचना की कोई संभावना नहीं रहती। ऐसे में अतिरिक्त रूप से ई-वाहन टैगिंग प्रणाली लागू करना व्यापारियों पर अनावश्यक बोझ डालने के समान है।
व्यापार समिति ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि प्रदेश के खाद्यान्न व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए मंडी परिषद द्वारा लागू की गई ई-वाहन टैगिंग व्यवस्था पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश जारी किए जाएं, ताकि व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके।
इस अवसर पर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने व्यापारियों की बात गंभीरता से सुनी और आश्वासन दिया कि उनके ज्ञापन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक प्राथमिकता के साथ पहुंचाया जाएगा तथा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
समिति के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री व्यापारी हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस व्यवस्था की समीक्षा कर व्यापारियों को राहत प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि ई-वाहन टैगिंग व्यवस्था वापस ली जाती है तो प्रदेश का समस्त व्यापारी वर्ग मुख्यमंत्री का सदैव आभारी रहेगा।
इस अवसर पर पवन गोयल, जय प्रकाश अग्रवाल, मोहित गर्ग, मयंक मंगल, अखिल मंगल, सचिन गोयल आदि उपस्थित रहे।
- ताजनगरी में सीएम योगी का ‘राधे-राधे’, आगरा को जल्द मिलेगा ‘इंटरनेशनल एयरपोर्ट’, 342 करोड़ की परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास - July 25, 2026
- रिश्तों में ‘आंगन’ बना रहे, दीवार नहीं…रेडियो मधुबन के कार्यक्रम में कवि कुमार ललित ने बिखेरे पारिवारिक मूल्यों के मोती - July 25, 2026
- 200 साल पुरानी परंपरा: भगवान जगन्नाथ मंदिर में देवशयनी एकादशी पर भक्ति की बयार, पांचवीं पीढ़ी संभाल रही सेवा का जिम्मा - July 25, 2026