आगरा: ताजनगरी के कमला नगर क्षेत्र में एक 21 वर्षीय होनहार शेयर ट्रेडर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी फैला दी है। माता-पिता के इकलौते सहारे अंशुमान भारद्वाज की मौत के बाद परिजनों ने उसकी महिला मित्र और दो करीबी दोस्तों पर जहर देकर हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है। पुलिस इस उलझी हुई गुत्थी को सुलझाने के लिए पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
एक फोन कॉल और फिर मौत का बुलावा
कमला नगर के तेजनगर निवासी अंशुमान भारद्वाज (21) शेयर ट्रेडिंग के जरिए अपने बीमार पिता और परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे अंशुमान के पास एक फोन कॉल आया, जिसके बाद वह जगदीशपुरा क्षेत्र स्थित जीवन ज्योति हॉस्पिटल के पास किसी से मिलने गया। दोपहर करीब ढाई बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। बताया जा रहा है कि वहां मौजूद दोस्तों ने उसे ‘जूस’ पिलाया, जिसके बाद उसकी हालत और खराब हो गई।
अस्पताल दर अस्पताल और फिर मौत की खबर
अंशुमान की हालत बिगड़ते देख उसकी गढ़ी भदौरिया निवासी महिला मित्र और दो दोस्त उसे पहले जीवन ज्योति हॉस्पिटल ले गए। वहां से डॉक्टरों ने उसे एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। 10 साल से गंभीर बीमारी से जूझ रहे पिता अनुराग शर्मा के लिए यह वज्रपात जैसा था।
6 महीने पुराना ‘कार विवाद’ बना हत्या की वजह?
मृतक के परिजनों ने पुलिस को दी गई शिकायत में गहरी साजिश का अंदेशा जताया है। उनका आरोप है कि अंशुमान का अपने दोस्तों के साथ 6 महीने पहले खरीदी गई एक कार को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों का दावा है कि महिला मित्र ने साजिश के तहत उसे बुलाया और वहां दोस्तों ने उसे नशीला या जहरीला पदार्थ दे दिया।
पुलिस की कार्रवाई: बिसरा रिपोर्ट पर टिकी नजर
थाना जगदीशपुरा प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया, लेकिन मृत्यु का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मौत का राज जानने के लिए बिसरा (Viscera) सुरक्षित कर फोरेंसिक लैब भेज दिया है। पुलिस उन दोस्तों और महिला मित्र से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है जो घटना के समय अंशुमान के साथ थे।
- आठ किलो देसी घी और सवा सौ रुपये की लूट के मामले में दो आरोपी 41 साल बाद बरी, इलाहाबाद हाईकोर्ट कोर्ट ने पलटा निचली अदालत का फैसला - August 4, 2026
- आजमगढ़ में दर्दनाक हादसा: टायर फटने से बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर से टकराकर पलटा डीजल टैंकर, जिंदा जलने से चालक समेत तीन की मौत - August 4, 2026
- कंगना रनौत को बड़ी राहत: किसानों के अपमान और राजद्रोह मामले में कोर्ट ने खारिज की वादी की याचिका, अब सेशन कोर्ट जाएंगे वकील - August 4, 2026