आगरा: ताजनगरी में अवैध शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान आज ‘सुपर संडे’ साबित हुआ। एत्मादपुर पुलिस द्वारा सुबह 600 पेटी शराब पकड़े जाने के बाद, अब ट्रांस यमुना थाना पुलिस ने भी एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने एक कैंटर से बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही 325 पेटी (करीब 350 पेटी का अनुमान) अवैध शराब बरामद की है। इस प्रकार आगरा पुलिस ने पिछले 24 घंटों में कुल 925 पेटी शराब जब्त कर तस्करी के बड़े नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है।
बोरियों के नीचे छिपा था 25 लाख का माल
एडिशनल डीसीपी अक्षय महाडिक ने बताया कि मुखबिर की सटीक सूचना पर ट्रांस यमुना पुलिस ने एक संदिग्ध कैंटर की घेराबंदी की। ऊपर से देखने पर कैंटर में सामान्य बोरियां लदी हुई थीं, लेकिन जब पुलिस ने सघन तलाशी ली और बोरियों को हटाया, तो नीचे अंग्रेजी शराब और बीयर का जखीरा बरामद हुआ। बरामद शराब की कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी जा रही है।
बिहार में ‘मोटे मुनाफे’ की थी तैयारी
पूछताछ में पता चला है कि यह शराब पंजाब और हरियाणा से लोड की गई थी और इसे तस्करी के जरिए बिहार ले जाया जा रहा था। बिहार में शराबबंदी के चलते तस्कर वहां ऊंचे दामों पर शराब बेचकर बड़ा मुनाफा कमाने की फिराक में थे। पुलिस ने मौके से चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह के 6 अन्य सदस्य फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।
दोनों बरामदगी के बीच ‘कनेक्शन’ की जांच
एडिशनल डीसीपी ने बताया कि एक ही दिन में दो बड़ी बरामदगी (एत्मादपुर में 600 पेटी और ट्रांस यमुना में 325 पेटी) होने के बाद अब पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या इन दोनों खेपों का मालिक या सप्लायर एक ही है। यदि इनके तार जुड़ते हैं, तो यह उत्तर भारत के सबसे बड़े शराब तस्करी सिंडिकेट का पर्दाफाश हो सकता है।
पुलिस की कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कैंटर, दो मोबाइल फोन और नकदी को भी जब्त कर लिया है। फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
- Agra News: रास्ता रोककर की थी अभद्रता, पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति ने आरोपियों को पहुँचाया सलाखों के पीछे - March 17, 2026
- दिल्ली में गूंजी वीर गोकुला जाट की शौर्य गाथा: सांसद राजकुमार चाहर की पहल पर भव्य शौर्य गीत का विमोचन - March 17, 2026
- आगरा नगर निगम में यूनीपोल आवंटन में भ्रष्टाचार की आशंका, महापौर हेमलता दिवाकर ने चेतावनी के साथ मांगी फाइलें - March 17, 2026