आगरा: रंगों के पर्व होली के अवसर पर आज, 15 मार्च 2026 को जिला और शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा एक भव्य एवं रंगारंग ‘होली मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामनाथ सिकरवार और शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित सिंह के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में न केवल फूलों की होली खेली गई, बल्कि राजनीति और समाज पर आधारित ओजस्वी काव्य पाठ ने भी सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कवियों ने राजनीति पर साधा निशाना
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मथुरा से पधारीं मेघा चौधरी, दीपक शर्मा और अलीगढ़ के विभिन्न कवियों की प्रस्तुतियाँ रहीं। कवियों ने हास्य, वीर रस और समसामयिक राजनीति पर तीखा प्रहार करते हुए अपनी रचनाएं पढ़ीं। मथुरा की मेघा चौधरी की कविताओं ने जहाँ श्रोताओं को झकझोर दिया, वहीं हास्य कवियों ने अपनी चतुराई भरी पंक्तियों से कांग्रेस जनों और अन्य दलों के नेताओं को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया।
विपक्षी एकता की दिखी झलक
विशेष बात यह रही कि इस कार्यक्रम में केवल कांग्रेस ही नहीं, बल्कि समाजवादी पार्टी, लोकदल और अन्य कई दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। फूलों की होली के बीच राजनीतिक कड़वाहट दूर होती नजर आई और सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं।
प्रमुख पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमाशंकर शर्मा, पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा, मीडिया प्रभारी पवन कुमार शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम दत्त दिवाकर, नवीन गर्ग, प्रकाश चंद दुबे, धर्मवीर शर्मा, मनोज बोहरा और सेवादल के शहर अध्यक्ष सचिन चौधरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला प्रवक्ता सत्येंद्र दुबे ने किया।
- आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी सफलता: पिता ने किडनी दान कर बचाई बेटे की जान, दूसरा सफल ट्रांसप्लांट रहा कामयाब - October 11, 2026
- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: फतेहाबाद के पास डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत - October 11, 2026
- ताजमहल में पर्यटकों के बीच जमकर हुई हाथापाई: पैर पर पैर रखने के मामूली विवाद पर भिड़े राजस्थान के पर्यटक, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप - October 11, 2026