आगरा: ताजनगरी की ऐतिहासिक साहित्यिक संस्था नागरी प्रचारिणी सभा में शनिवार को ‘किस्सा कहानी-4’ का भव्य आयोजन किया गया। सांस्कृतिक संस्था ‘रंगलीला’ और चर्चित पत्रिका ‘कथादेश’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में कहानी और आलोचना का एक अनूठा संगम देखने को मिला।
’शहर कोतवाल की आत्महत्या’ से शुरू हुआ सन्नाटा
लखनऊ से पधारे वरिष्ठ कथाकार देवेंद्र ने अपनी प्रसिद्ध कहानी ‘शहर कोतवाल की कविता’ का पाठ किया। जैसे ही उन्होंने कहानी के शुरुआती अंश पढ़े—”कोतवाल ने आत्महत्या कर ली है”—पूरे हॉल में सन्नाटा छा गया। कहानी ने न केवल श्रोताओं को बांधे रखा, बल्कि सत्ता और व्यवस्था के यांत्रिक चेहरे पर भी गहरे सवाल खड़े किए।
दिग्गज साहित्यकारों ने की बेबाक समीक्षा
कहानी पाठ के बाद आलोचना का दौर चला। वरिष्ठ कथाकार शक्ति प्रकाश ने कहा कि यह कहानी निरंकुश सत्ता द्वारा जनता के उत्पीड़न का सजीव चित्रण है। वहीं, मुख्य वक्ता राजगोपाल सिंह वर्मा ने कहानी की संरचना पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ प्रसंग कालखंड के अनुरूप नहीं लगते और पात्रों में अधूरापन महसूस होता है।
ग्वालियर से आए वरिष्ठ कहानीकार महेश कटारे ने देवेंद्र की लेखन शैली की तुलना प्रेमचंद के ‘एक्सट्रीम’ दृश्यों से की। कार्यक्रम में डॉ. मधु भारद्वाज, रमेश पंडित, और प्रो. आरके भारती ने भी भाषा, वर्तनी और शिल्प के स्तर पर कहानी का विश्लेषण किया।
इन संस्थाओं का रहा सहयोग
कार्यक्रम की मेजबानी नागरी प्रचारिणी सभा ने की, जबकि एसिड अटैक सर्वाइवर्स के संगठन ‘शीरोज़’ (Sheroes) ने इसमें अपना विशेष सहयोग दिया। दिल्ली से आए ‘कथादेश’ के संपादक हरि नारायण विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
साहित्य प्रेमियों का रहा जमावड़ा
कार्यक्रम का संचालन और विषय प्रवर्तन वरिष्ठ आलोचक प्रियंम अंकित ने किया। अतिथियों का स्वागत अनिल शुक्ल, राम भरत उपाध्याय और शीलू ने किया। इस दौरान आगरा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लेखक, कवि और बुद्धिजीवी मौजूद रहे, जिनमें प्रो. रामवीर सिंह, मनीषा शुक्ला, डॉ. महेश धाकड़ और नीरज जैन प्रमुख थे। कार्यक्रम का समापन मनोज सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
- आईटीसी मुगल में शाहिद माल्या की सुरमई शाम: ‘स्पाइसी शुगर’ के ग्रैंड फिनाले में झूम उठी ताजनगरी - March 15, 2026
- RSS शताब्दी वर्ष का रोडमैप तैयार: हरियाणा बैठक में सामाजिक समरसता और ढांचे के पुनर्गठन पर लगी मुहर - March 15, 2026
- Agra News: कैंटर में बोरियों के नीचे छिपाई थी अंग्रेजी शराब, ट्रांस यमुना पुलिस ने 25 लाख की अवैध खेप के साथ एक को दबोचा - March 15, 2026