आगरा/नई दिल्ली। आगरा छावनी क्षेत्र की दशकों पुरानी समस्याओं और नागरिक निकायों (नगर निगम) में इसके विलय की प्रक्रिया को लेकर रविवार को एक महत्वपूर्ण प्रतिनिधिमंडल ने देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री केशो मेहरा और छावनी विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश के नेतृत्व में हुई इस बैठक में छावनी की जर्जर सड़कों से लेकर दुकानों की लीज तक के गंभीर मुद्दे उठाए गए।
विलय पर फंसा पेंच: गेंद अब राज्य सरकार के पाले में
बैठक के दौरान केशो मेहरा ने छावनी परिषदों को स्थानीय निकायों में विलय करने की मांग प्रमुखता से दोहराई। इस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार की ओर से विलय का विधिवत प्रस्ताव संबंधित राज्य सरकारों को भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा, “हमें उत्तर प्रदेश सरकार के जवाब का इंतजार है। जैसे ही राज्य सरकार की सहमति प्राप्त होगी, विलय की प्रक्रिया को तत्काल आगे बढ़ाया जाएगा।”
सदर बाजार शॉपिंग आर्केड: लीज या फ्रीहोल्ड?
विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश ने सदर बाजार स्थित शॉपिंग आर्केड की दुकानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ई-नीलामी रुकने से दुकानदारों को अस्थायी राहत तो मिली है, लेकिन स्थायी समाधान जरूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि या तो इन दुकानों को फ्रीहोल्ड कर दिया जाए या फिर हर 30 साल में एक निर्धारित वृद्धि के साथ लीज का स्वतः नवीनीकरण (Auto-renewal) किया जाए।
जीएलआर म्यूटेशन और जर्जर बुनियादी ढांचा
छावनी परिषद के मनोनीत सदस्य राजेश गोयल ने जीएलआर (General Land Register) सर्वे में म्यूटेशन न होने की समस्या उठाई, जिससे संपत्ति मालिकों में भारी असंतोष है। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा मंत्री को छावनी क्षेत्र की जर्जर पानी की टंकियों, सार्वजनिक शौचालयों की बदहाली और खस्ताहाल सड़कों की तस्वीरें और विवरण भी सौंपे।
आगरा में ‘अखिल भारतीय छावनी सम्मेलन’ का प्रस्ताव
सदर बाजार एसोसिएशन के सजल बंसल और अनमोल गोयल ने एक अनूठा प्रस्ताव रखते हुए आगरा में देशभर की छावनियों का एक महासम्मेलन आयोजित करने का अनुरोध किया। रक्षा मंत्री ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए जल्द ही विचार कर निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
इस महत्वपूर्ण वार्ता में पूर्व विधायक केशो मेहरा, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, मनोनीत सदस्य राजेश गोयल, सजल बंसल और अनमोल गोयल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
- आगरा विश्वविद्यालय के ‘कोहिनूर’ एसपी सरीन को भावभीनी विदाई, दादाजी महाराज का बार-बार हुआ स्मरण, कुलपति प्रो. आशु रानी की कार्यशैली की भी गूंज - May 10, 2026
- मेहनत का परचम: आगरा के उज्ज्वल सिंह बने भारतीय सेना में लेफ्टीनेंट - May 2, 2026
- आगरा में सेवा बन गई संजीवनी: निशुल्क हड्डी रोग शिविर में मुस्कुराए नन्हे चेहरे, जागी नई आस - May 2, 2026