आगरा। आगरा के चर्चित अवैध मतांतरण मामले में वांछित विदेशी सरगना दाऊद अहमद की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। बार-बार अदालती समन की अनदेखी करने के बाद अब आगरा पुलिस उसकी संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर रही है। साथ ही, उसे कनाडा से प्रत्यर्पित (Extradite) कर भारत लाने के लिए इंटरपोल के माध्यम से रेड कार्नर नोटिस जारी कराने की कागजी कार्यवाही भी अंतिम चरण में है।
भोपाल स्थित आवास पर चस्पा हुआ नोटिस
आगरा पुलिस की एक विशेष टीम ने हाल ही में मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित गांधीनगर की ‘रिलायबल हाइटेक सिटी कॉलोनी’ में दाऊद अहमद के घर पर दबिश दी। पुलिस ने वहां न्यायालय द्वारा जारी धारा 82 के तहत नोटिस चस्पा किया और दाऊद के पिता जावेद व उसके भाई को कानूनी चेतावनी दी। मोहल्ले में बाकायदा मुनादी कराकर यह घोषणा की गई कि यदि आरोपी तय समय में हाजिर नहीं हुआ, तो उसकी संपत्ति जब्त कर ली जाएगी।
क्या है पूरा मामला?
इस पूरे गिरोह का भंडाफोड़ पिछले साल हुआ था, जब आगरा के सदर क्षेत्र से गायब हुई दो युवतियों को पुलिस ने 18 जुलाई को कोलकाता के तपसिया क्षेत्र से बरामद किया था।
गिरोह का नेटवर्क: जांच में पता चला कि दिल्ली का अब्दुल रहमान उर्फ महेंद्र पाल सिंह इस गिरोह का स्थानीय संचालक था।
अब तक की गिरफ्तारियां: पुलिस अब तक अब्दुल रहमान, गोवा की आयशा, रहमान कुरैशी, हसन अली और मोहम्मद अली समेत कुल 14 लोगों को जेल भेज चुकी है।
विदेशी कनेक्शन: जांच में सामने आया कि कनाडा में बैठा दाऊद अहमद इस पूरे सिंडिकेट को फंडिंग और रणनीतिक निर्देश दे रहा था।
अगली कार्रवाई: संपत्ति कुर्की और इंटरपोल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दाऊद अहमद को फरवरी माह में अदालत में पेश होना था, लेकिन वह हाजिर नहीं हुआ। अब आगरा पुलिस ने उसकी चल-अचल संपत्ति को कुर्क करने के लिए अदालत से अनुमति मांगी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसे घेरने के लिए विदेश मंत्रालय और इंटरपोल से संपर्क साधा जा रहा है।
- अवैध मतांतरण केस: कनाडा में छिपे मास्टरमाइंड दाऊद अहमद पर कसेगा शिकंजा, रेड कार्नर नोटिस जारी करने की तैयारी - March 2, 2026
- बच्चा ट्रेन में छूटा तो बदहवास होकर दौड़ी मां, आगरा कैंट स्टेशन पर चलती ट्रेन पकड़ने के चक्कर में दो बार गिरी महिला, वीडियो वायरल - March 2, 2026
- कला के कैनवास पर आधी आबादी की हुंकार: केंद्रीय मंत्री बघेल बोले— ‘आज हर क्षेत्र में पुरुषों से आगे निकल रही हैं महिलाएं’ - March 2, 2026