आगरा। ताजनगरी के दवा बाजार में जड़ें जमा चुके अवैध कारोबार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुख्यालय से आई विशेष टीम ने आगरा के दवा हब फव्वारा क्षेत्र सहित कई ठिकानों पर छापेमारी कर नकली दवाओं के निर्माण की आशंकाओं को पुख्ता कर दिया है।
छापेमारी के दौरान हजारों की संख्या में फर्जी लेबल, प्रतिबंधित ट्रामाडॉल कैप्सूल और फिजीशियन सैम्पल का भारी जखीरा बरामद हुआ है।
नकली दवाओं की छपाई का भंडाफोड़
हिंग की मंडी स्थित जुबैर नामक व्यक्ति के आवास पर जब टीम ने छापा मारा, तो अधिकारी भी दंग रह गए। वहाँ से फोराकोर्ट इनहेलर के करीब 8000 प्रिंटेड लेबल बरामद हुए। माना जा रहा है कि इन लेबलों का इस्तेमाल नकली दवाइयों की ब्रांडिंग और पैकिंग के लिए किया जाना था। विभाग ने इन लेबलों को जब्त कर सिंडिकेट की गहराई से जांच शुरू कर दी है।
भारी मात्रा में नकदी और लावारिस कैप्सूल
फव्वारा स्थित कमला मार्केट के कॉरिडोर से भारी मात्रा में Spasmo-proxyvon (ट्रामाडॉल) कैप्सूल लावारिस हालत में मिले, जिन्हें टीम ने कब्जे में ले लिया है। वहीं, विश्वनाथ फार्मा की जांच में 7.40 लाख रुपये की संदिग्ध नकदी बरामद हुई, जो दुकान की औसत बिक्री से कहीं ज्यादा है। विभाग अब इस मोटी नकदी का मिलान स्टॉक और बिक्री के पुराने रिकॉर्ड से कर रहा है।
दो गोदाम सील, रिकॉर्ड में मिली हेराफेरी
जांच टीम को भगवती ड्रग सेंटर और तनु मेडिकल एजेंसी के स्टॉक लेजर में गंभीर विसंगतियां मिलीं। तनु मेडिकल एजेंसी में धड़ल्ले से बेचे जा रहे फिजीशियन सैम्पल भी बरामद हुए। कार्रवाई के दौरान संचालकों के मौके से गायब होने पर दो गोदामों को तुरंत सील कर दिया गया।
विभाग ने चेतावनी दी है कि लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोर्स के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
- शंकराचार्य के खिलाफ घिनौनी साजिश बेनकाब: बेटियों को ढाल बनाकर फंसाने का दिया था लालच, पीड़ित ने मठ में खोला राज - February 23, 2026
- आगरा में नकली दवाओं के सिंडिकेट पर बड़ा प्रहार: 8000 फर्जी लेबल बरामद, दो गोदाम सील, दवा बाजार में हड़कंप - February 23, 2026
- वैवाहिक वेबसाइट से ‘ब्लैकमेलिंग’ का खेल: दिल्ली के डॉक्टर पर आगरा की युवती ने लगाया संगीन आरोप, होटल में रुकने का बना रहा था दबाव - February 23, 2026