आगरा। ताजनगरी के थाना ताजगंज क्षेत्र में बीते 11 फरवरी को ई-कॉमर्स दिग्गज ‘फ्लिपकार्ट’ के डिलीवरी हब में हुई सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने पांच शातिर अंतर्राज्यीय चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए ₹2.90 लाख नकद, एक स्कॉर्पियो कार, मोबाइल फोन और लॉकर काटने के आधुनिक उपकरण बरामद किए हैं।
किराए की स्कॉर्पियो और फर्जी नंबर प्लेट का खेल
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि गिरोह ने वारदात के लिए गाजियाबाद से एक स्कॉर्पियो कार किराए पर ली थी, जिस पर पुलिस को गुमराह करने के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। 11 फरवरी की रात इन बदमाशों ने ताजगंज फेस-2 स्थित हब का ताला काटकर कैश लॉकर और मोबाइल फोन साफ कर दिए थे।
यूपी से राजस्थान तक फैला है नेटवर्क
पकड़े गए आरोपियों (आमिर, आस मोहम्मद, शैलेंद्र, अतुल त्यागी और प्रिंस) ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। यह गैंग केवल आगरा ही नहीं, बल्कि यूपी के एटा और बदायूं के अलावा उत्तराखंड (हरिद्वार) और राजस्थान (जयपुर) में भी फ्लिपकार्ट हब को निशाना बना चुका है।
सीसीटीवी और सर्विलांस से हाथ लगी सफलता
वारदात के बाद पुलिस ने दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस की मदद ली, जिसके आधार पर शनिवार को बसई मंडी के पास से घेराबंदी कर इन आरोपियों को दबोच लिया गया। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सके।
- आगरा में रिकॉर्ड तोड़ महा-रक्तदान: भारत विकास परिषद ‘निकुंज’ ने जुटाया 1000 यूनिट रक्त, बना नया कीर्तिमान - February 22, 2026
- Agra News: शास्त्रीपुरम को विकास की सौगात, सांसद नवीन जैन ने किया ₹53 लाख के सड़क कार्यों का शिलान्यास, दशकों पुरानी समस्या होगी दूर - February 22, 2026
- Agra News: भव्य स्वरूप में दिखेगा ‘बजाजा सेवा सदन’, भूमि पूजन के साथ शुरू हुआ तीन मंजिला आधुनिक भवन का निर्माण - February 22, 2026