लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सूबे के अन्नदाताओं को होली का बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने एक क्लिक के जरिए प्रदेश के 2.51 लाख से अधिक किसानों और लाभार्थी परिवारों के बैंक खातों में कुल 460 करोड़ रुपये की सहायता राशि सीधे ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अब सरकारी लाभ में बिचौलियों की कोई भूमिका नहीं रह गई है।
फसल बीमा और दुर्घटना कल्याण योजना का मिला लाभ
मुख्यमंत्री ने ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ (खरीफ-2025) के तहत 2.51 लाख किसानों को फसल क्षतिपूर्ति के रूप में 285 करोड़ रुपये वितरित किए। इसके साथ ही, ‘मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना’ के अंतर्गत 3500 पीड़ित परिवारों को 175 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। सीएम ने बताया कि अब इस योजना में बटाईदार और सह-किसान भी शामिल हैं, जिन्हें दुर्घटना की स्थिति में 5 लाख रुपये का सुरक्षा कवच मिलता है।
स्मार्ट खेती और आपदा प्रबंधन पर जोर
इस अवसर पर सीएम योगी ने बागपत, शामली, कासगंज और भदोही में नई मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं और झांसी में छात्रावास भवन का शिलान्यास किया। लखनऊ में एक ‘स्मार्ट कृषि ब्यूरो स्टूडियो’ की भी नींव रखी गई। मौसम का सटीक पूर्वानुमान लगाने के लिए लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, झांसी और आजमगढ़ में ‘डॉप्लर वेदर राडार’ स्थापित किए जाएंगे, जिससे आकाशीय बिजली जैसी आपदाओं से किसानों को बचाया जा सके।
आपदा मित्रों का होगा 5 लाख का बीमा
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 29,772 युवाओं को ‘आपदा मित्र’ के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है। सरकार ने इन प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को 3 वर्ष के लिए 5 लाख रुपये का जीवन और चिकित्सा बीमा कवर देने का निर्णय लिया है। सीएम ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि सहायता राशि हर हाल में अगले 24 घंटों के भीतर पात्रों के खातों में पहुंच जानी चाहिए।
- यूपी में 100 करोड़ से अधिक के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की होगी थर्ड पार्टी क्वालिटी ऑडिट, योगी सरकार का बड़ा फैसला - August 25, 2026
- साबित करें या…अयोध्या में मछली भोज पर गरमाई यूपी की सियासत: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बीजेपी को दिया खुला चैलेंज - August 25, 2026
- प्याज-लहसुन के बिना बनी मछली वेज है या नॉन-वेज? मंत्री ओमप्रकाश राजभर के इस बयान से गरमाई यूपी की राजनीति - August 25, 2026