आगरा। आगरा-इटावा स्टेट हाईवे पर रविवार की शाम काल बनकर आई एक तेज रफ्तार कार ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। बाह थाना क्षेत्र में हुए इस भीषण सड़क हादसे में 21 वर्षीय दूल्हे जितेंद्र और उसके 16 वर्षीय साथी सचिन की दर्दनाक मौत हो गई। जिस घर में कल लग्न का उत्सव होना था, वहाँ अब अपनों के खोने का गम और मातम छाया हुआ है।
हादसे ने छीनी शादी की खुशियाँ
आम का पुरा गांव निवासी जितेंद्र की शादी धौलपुर के महाजपुर गांव में तय हुई थी। मंगलवार (17 फरवरी) को जितेंद्र की लग्न आनी थी। घर में रिश्तेदारों का तांता लगा था और मिठाइयां बन रही थीं। जितेंद्र अपने छोटे भाई समान साथी सचिन के साथ बाइक पर सवार होकर शादी के अंतिम कुछ निमंत्रण पत्र बांटने के लिए निकला था। जरार के पास एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
ग्रामीणों और बाह पुलिस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से उन्हें गंभीर हालत में आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। यहाँ उपचार के दौरान देर रात दोनों ने दम तोड़ दिया। सचिन (16), जो पांच भाइयों में सबसे छोटा था और जामनगर में काम करता था, अपने दोस्त की खुशियों में शामिल होने घर आया था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
फरार कार चालक की तलाश में पुलिस
घटना के बाद आरोपी कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। बाह के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से अज्ञात वाहन की शिनाख्त करने में जुटी है। इस हादसे ने न केवल दो गांवों को शोक में डुबो दिया है, बल्कि हाईवे पर बेलगाम दौड़ते वाहनों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
- Agra News: हजार में हवलदार और लाख में थाना…वाला स्टंट पड़ा भारी, रील बनाने वाले सपा नेता दामा यादव पर FIR; अब लाइसेंस रद्द करने की तैयारी - February 17, 2026
- Agra News: खाकी से बदतमीजी करने वाला शिबू ठाकुर गिरफ्तार, ‘लाइव वीडियो’ वायरल होने के बाद पुलिस का एक्शन - February 17, 2026
- Agra News: खाकी से बदतमीजी करने वाला शिबू ठाकुर गिरफ्तार, ‘लाइव वीडियो’ वायरल होने के बाद पुलिस का एक्शन - February 17, 2026