आगरा: ताजनगरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन के अति-संवेदनशील टेक्निकल एरिया में पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) लिखा एक विमाननुमा गुब्बारा मिलने से सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। हरे और सफेद रंग के इस गुब्बारे पर उर्दू में भी कुछ शब्द अंकित हैं। एयरफोर्स प्रशासन की शिकायत पर थाना शाहगंज में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सीसीटीवी फुटेज और धागे की हो रही जांच
जानकारी के मुताबिक, 12 फरवरी की सुबह करीब 9 बजे सुरक्षाकर्मियों ने इस गुब्बारे को परिसर के भीतर पड़ा देखा। लगभग 60×34 सेंटीमीटर आकार के इस गुब्बारे के साथ 10 मीटर लंबा धागा भी बंधा मिला है।
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में गुब्बारे के भीतर कोई कैमरा, चिप या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस नहीं मिला है। फिलहाल, एयरफोर्स स्टेशन और आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि इसके आने की दिशा का पता लगाया जा सके।
सीमावर्ती इलाकों के बाद अब आगरा में आहट
यह घटना इसलिए भी चिंताजनक है क्योंकि पिछले कुछ समय में राजस्थान के बीकानेर, श्रीगंगानगर और जम्मू के सीमावर्ती इलाकों में भी ठीक इसी तरह के ‘PIA’ लोगो वाले गुब्बारे बरामद हुए हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह सुरक्षा बलों की मुस्तैदी को परखने या भ्रम फैलाने की साजिश का हिस्सा हो सकता है। आगरा में हुई इस घटना के बाद स्थानीय खुफिया इकाइयों और पुलिस ने गश्त व निगरानी बढ़ा दी है।
- 2027 चुनाव से ठीक पहले समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका: बागी विधायक अभय सिंह, राकेश प्रताप सिंह और विनोद चतुर्वेदी भाजपा में शामिल - October 15, 2026
- दीपावली से पहले रेल कर्मचारियों को बड़ा तोहफा: मोदी कैबिनेट ने 11.40 लाख कर्मचारियों के लिए 78 दिन के बोनस को दी मंजूरी - October 15, 2026
- CJP नेता आशुतोष रांका और सौरव दास पांच दिन की न्यायिक हिरासत में, भेजे गए तिहाड़, दिपके ने कहा – ऐसा अंग्रेजों के राज में होता था - October 15, 2026