आगरा: थाना सैंया क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब नाले में एक 38 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान धौलपुर (राजस्थान) के मनिया निवासी विजय पाल के रूप में हुई है। विजय पाल पेशे से ऑटो चालक था और सैंया-मनिया मार्ग पर ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। शरीर पर चोट के निशानों को देखते हुए परिजनों ने नृशंस हत्या की आशंका जताई है।
लापता होने के बाद नाले में मिली लाश
परिजनों के मुताबिक, विजय पाल रविवार को हमेशा की तरह काम पर निकला था। देर रात तक घर न लौटने और मोबाइल बंद आने पर परिवार परेशान था। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने नाले में शव देखकर पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की, जिसके बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। विजय पाल अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गया है।
सीसीटीवी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी जांच
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। फिलहाल, पुलिस रंजिश और लूटपाट जैसे सभी पहलुओं पर गौर कर रही है। साक्ष्य जुटाने के लिए रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
- खेलकूद में चमके सरस्वती शिशु मंदिर के सितारे: प्रांतीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने बदायूं रवाना हुए जिले के होनहार छात्र-छात्राएं - August 25, 2026
- हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा श्री खाटू श्याम जी मंदिर, शिव भजनों पर झूमे श्रद्धालु - August 25, 2026
- योगी कैबिनेट का बड़ा तोहफा: अब 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मिलेंगी रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सौगात - August 25, 2026