कानपुर। शहर के बर्रा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ कर्रही पुरानी बस्ती में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग ने अपनी जीवनसंगिनी की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति भागने के बजाय घर के मुख्य दरवाजे पर ही बैठा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खून से सनी मिली लाश
केस्को (KESCO) से चतुर्थ श्रेणी पद से सेवानिवृत्त साहेब लाल अपनी पत्नी ललिता और छोटे बेटे सुरेंद्र के साथ रहते थे। सोमवार सुबह जब उनका छोटा भाई महेश घर पहुंचा, तो साहेब लाल दरवाजे पर गुमसुम बैठे मिले। अंदर जाने पर महेश के पैरों तले जमीन खिसक गई; कमरे में ललिता का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था।
विवाद के बाद खोया आपा
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि छोटा बेटा सुरेंद्र सुबह 9 बजे काम पर निकल गया था। इसके बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर साहेब लाल ने धारदार हथियार से ललिता पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है।
पुलिस की कार्रवाई
बर्रा और नौबस्ता थाने की फोर्स ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम से जांच करवाई है। आरोपी साहेब लाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है कि आखिर इतने वर्षों के साथ के बाद बुढ़ापे में ऐसी क्या बात हुई कि उसने यह खौफनाक कदम उठाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
- आगरा में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी का भंडाफोड़, क्रेटों के नीचे कट्टों में छिपाकर की जा रही थी तस्करी, पुलिस ने कैंटर से पकड़ा 51 लाख का 101 किलो गांजा - August 22, 2026
- एसजीपीजीआई लखनऊ की टीम ने परखीं व्यवस्थाएं: कल आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में होगा ताजनगरी का पहला किडनी ट्रांसप्लांट - August 21, 2026
- आगरा में ज्वैलर्स ठगी का सनसनीखेज खुलासा: पुराने आभूषण खरीदने के बहाने सोने के कंगन लेकर भागे तीन शातिर गिरफ्तार - August 21, 2026