Agra News: 8 फरवरी को भगवामय होगी ताजनगरी, शाहगंज से बल्केश्वर तक ‘विराट हिंदू सम्मेलन’ की गूंज

PRESS RELEASE

आगरा: ताजनगरी में आगामी 8 और 9 फरवरी को सनातन संस्कृति, हिंदू एकता और सामाजिक समरसता का महासंगम होने जा रहा है। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में ‘विराट हिंदू सम्मेलन’ को लेकर जबरदस्त जन-जागरण अभियान चलाया जा रहा है। शाहगंज से लेकर बल्केश्वर और मनकामेश्वर मंदिर तक, पूरा शहर इस समय धार्मिक और सांस्कृतिक रंग में रंगा नजर आ रहा है।

शाहगंज: बाइक रैली से शक्ति प्रदर्शन

शुक्रवार को सकल सनातन सेवा समिति के तत्वावधान में कोठी मीना बाजार से एक विशाल बाइक रैली निकाली गई। RSS के प्रांत प्रचार प्रमुख कीर्ति जी ने भगवा झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। 500 से अधिक युवाओं ने बाइक और स्कूटी के साथ शाहगंज क्षेत्र का भ्रमण किया। 8 फरवरी को GIC मैदान में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में किन्नर अखाड़ा की प्रदेश अध्यक्ष तनीषा सनातनी और विभाग प्रचारक रोहित मुख्य वक्ता होंगे।

​बल्केश्वर और राजपुर चुंगी में तैयारियां

बल्केश्वर के होटल अतितिवन में पोस्टर विमोचन के साथ ही साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के आगमन की सूचना से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। वहीं, राजपुर चुंगी में ‘मां कैला देवी हिंदू सम्मेलन समिति’ द्वारा ‘पंच परिवर्तन’ (पर्यावरण, स्वदेशी, नागरिक कर्तव्य, सामाजिक समरसता और परिवार प्रबोधन) का संकल्प लिया गया। यहाँ 7 फरवरी को भव्य कलश यात्रा और भूमि पूजन का आयोजन होगा।

9 फरवरी: मनकामेश्वर मंदिर में मुख्य आयोजन

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 9 फरवरी को दरेसी स्थित श्री मनकामेश्वर मंदिर परिसर में दोपहर 12 बजे से भव्य सम्मेलन होगा। होटल एलिवेटेड में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अयोध्या श्रीराम मंदिर शिलान्यास के मुख्य महंत आचार्य गंगाधर पाठक होंगे।

महंत योगेश पुरी ने जानकारी दी कि इस अवसर पर ‘हितार्थ आगरा चैरिटेबल ट्रस्ट’ के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा और 11 प्रमुख गौशालाओं के संरक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। 7 फरवरी को मंदिर परिसर से एक विशेष आमंत्रण यात्रा भी निकाली जाएगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh