Agra News: डौकी में ट्रांसफार्मर चोर गिरोह का सनसनीखेज पर्दाफाश, राजस्थान के 8 शातिर बदमाश गिरफ्तार

Crime

आगरा। विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच थाना डौकी पुलिस, सर्विलांस टीम और एसओजी पूर्वी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के आठ शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में तांबे का तार, हथियार, औजार और वाहन बरामद किए हैं। मामले का खुलासा डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में किया।

पुलिस के अनुसार गिरोह डौकी, फतेहाबाद और बमरौली कटारा क्षेत्र में सक्रिय था और ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। हाल ही में एक कोल्ड स्टोरेज से ट्रांसफार्मर का तांबा और बैटरी चोरी होने की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच तेज की और गिरोह तक पहुंच बनाई।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुकेश, सुरेश, धर्मेंद्र, अंशू, शिवनारायण, रंजीत, प्रशांत और अनिल के रूप में हुई है। सभी आरोपी राजस्थान के निवासी बताए गए हैं। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह पहले इलाके की रेकी करता था।

वारदात के दौरान कुछ सदस्य निगरानी रखते, जबकि अन्य बिजली लाइन काटकर ट्रांसफार्मर से तांबा और तेल निकालते थे। चोरी का माल बाद में अलग-अलग जगहों पर बेचा जाता था।

अभियुक्तों के कब्जे से 62.4 किलोग्राम तांबे का तार, विभिन्न औजार, सात हजार रुपये नकद, एक बोलेरो और एक क्विड कार बरामद हुई है। इसके अलावा दो तमंचे और जिंदा कारतूस भी मिले हैं। तमंचे मुकेश और सुरेश के पास से बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक वाहन रेकी और चोरी का माल ढोने में इस्तेमाल होते थे।

इस कार्रवाई में एसीपी अनिल कुमार, थाना प्रभारी डौकी सुनीत शर्मा और सर्विलांस प्रभारी सचिन तोमर की टीम शामिल रही। पुलिस अब गिरोह के अन्य वारदातों में शामिल होने की जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे और खुलासे की उम्मीद है।

Dr. Bhanu Pratap Singh