Agra News: जयपुर हाइवे पर फतेहपुर सीकरी में मौत बनकर दौड़ा ट्रोला, बाइक सवार परिवार को रौंदा; दो मासूमों समेत 4 गंभीर

स्थानीय समाचार

आगरा: जनपद के थाना फतेहपुर सीकरी अंतर्गत जयपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। भरतपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रोला ने बाईपास मोड़ पर बाइक सवार परिवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार पुरुष, महिला और दो मासूम बच्चे सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।

सब्जी मंडी जाते समय हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पीड़ित परिवार फतेहपुर सीकरी कस्बे से सब्जी मंडी की ओर जा रहा था। तभी बाईपास मोड़ पर पीछे से आ रहे ट्रोले ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ देर के लिए हाईवे पर ट्रैफिक थम गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई और प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों को नाजुक हालत में आगरा के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

राजस्थान का निवासी है परिवार

शुरुआती जानकारी के अनुसार, घायल परिवार राजस्थान के बंसी पहाड़पुर का रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस अभी उनकी आधिकारिक शिनाख्त और परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।

NHAI और प्रशासन के खिलाफ फूटा गुस्सा

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में गहरा रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि सीकरी बाईपास और जयपुर हाईवे का यह हिस्सा ‘ब्लैक स्पॉट’ बन चुका है। ओवरब्रिज या सुरक्षित क्रॉसिंग न होने के कारण यहाँ आए दिन हादसे होते हैं। लोगों ने NHAI (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए।

साथ ही, हाईवे किनारे अवैध रूप से खड़े रहने वाले डग्गामार वाहनों और एंबुलेंस के देरी से पहुंचने को लेकर भी स्थानीय निवासियों ने तीखी नाराजगी जाहिर की है।

Dr. Bhanu Pratap Singh