पहाड़ों पर बर्फ का कहर, मैदानी इलाकों में बढ़ी ठंड: हिमाचल से उत्तराखंड तक जनजीवन प्रभावित, कई राज्यों में बारिश-कोहरे का अलर्ट

NATIONAL

शिमला/भोपाल/जयपुर/श्रीनगर/देहरादून। पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी और बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हिमाचल प्रदेश में बुधवार को हुई तेज बर्फबारी के बाद ऊंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम तापमान माइनस में पहुंच गया। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में सबसे कम तापमान -6.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अन्य क्षेत्रों में पारा -6 से -1 डिग्री के बीच रहा।

बर्फबारी के चलते हिमाचल प्रदेश में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। चार राष्ट्रीय राजमार्गों समेत कुल 885 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा 3 हजार से अधिक बिजली ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं, जिससे कई इलाकों में अंधेरा छाया हुआ है। पाइपलाइनों में पानी जमने से जलापूर्ति भी बाधित है और हजारों परिवार प्रभावित हो रहे हैं।

उत्तराखंड में धूप, लेकिन खतरा बरकरार

उत्तराखंड में दो दिनों की लगातार बर्फबारी के बाद गुरुवार को धूप जरूर निकली, लेकिन हालात अभी सामान्य नहीं हुए हैं। बद्रीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री में सड़कों पर 3 से 4 फीट तक बर्फ जमी हुई है। चमोली जिले के औली में बुधवार को करीब 2 फीट बर्फ गिरी। मौसम विभाग ने राज्य में एवलांच का अलर्ट जारी किया है।

मैदानी राज्यों में फिर लौटी ठंड

पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी राज्यों में भी साफ दिख रहा है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में ठंड और कोहरा फिर से बढ़ गया है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में गुरुवार सुबह बारिश हुई, जबकि अयोध्या और लखनऊ समेत 9 शहरों में बुधवार को बारिश दर्ज की गई।

बिहार के 5 जिलों में आज रात बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद तापमान में और गिरावट आने से ठिठुरन बढ़ने की आशंका है। बुधवार को भागलपुर 7.4 डिग्री सेल्सियस के साथ बिहार का सबसे ठंडा जिला रहा।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में अलर्ट

राजस्थान और मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने 31 जनवरी से आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान के कोटपुतली में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा।

अन्य राज्यों का हाल

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में भारी बर्फबारी के बाद सड़कों से बर्फ हटाने का काम जारी है। हिमाचल के मनाली में बर्फ पर फिसलने से एक कार 360 डिग्री घूम गई, जबकि भरमौर में बर्फबारी के बाद एक प्राथमिक स्कूल पर पेड़ गिर गया।

उत्तराखंड के केदारनाथ में 4 फीट से ज्यादा बर्फ जम चुकी है।
वहीं उत्तर प्रदेश के संभल में कक्षा 8 तक और सिद्धार्थनगर में कक्षा 12 तक के स्कूल गुरुवार को बंद कर दिए गए हैं।

मौसम विभाग ने प्रदेश के 29 जिलों में ओले और बारिश का अलर्ट जारी किया है। पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि हरियाणा के भिवानी में पारा 5.5 डिग्री तक गिर गया। चंडीगढ़ में सुबह घना कोहरा छाया रहा।

Dr. Bhanu Pratap Singh