आगरा। महाराष्ट्र के बारामती में हुए भीषण विमान हादसे में उप मुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत के बाद देश की राजनीति में शोक के साथ चिंता का माहौल गहरा गया है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के भीतर से आगरा में एक भावनात्मक और संवेदनशील अपील सामने आई है। सपा के पूर्व प्रदेश सचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता अवनींद्र यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से हवाई यात्रा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और अनावश्यक उड़ानों से बचने का आग्रह किया है।
अवनींद्र यादव ने आगरा से राष्ट्रीय अध्यक्ष को लिखे पत्र में इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने लिखा कि अजित पवार समेत पांच लोगों की असमय मौत ने सभी समाजवादियों को झकझोर कर रख दिया है और इस घटना ने नेताओं की हवाई सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पत्र में उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष से अनुरोध किया कि जब तक अत्यंत आवश्यक न हो, हवाई यात्रा को टालने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में समाजवादी पार्टी को उनके नेतृत्व की सबसे अधिक आवश्यकता है और उनके जैसा मजबूत व प्रभावशाली नेतृत्व पार्टी के लिए बेहद अहम है, ऐसे में उनकी सुरक्षा सर्वोपरि है।
अवनींद्र यादव ने यह भी उल्लेख किया कि देश पहले भी कई बड़े नेताओं को विमान हादसों में खो चुका है, जिससे कार्यकर्ताओं और समर्थकों के मन में भय व्याप्त है। बारामती की घटना ने इस आशंका को और गहरा कर दिया है। इसी कारण उन्होंने आग्रह किया कि यदि हवाई यात्रा अपरिहार्य हो, तो उड़ान से पहले विमान की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा प्रमाणपत्रों की पूरी तरह पुष्टि की जाए।
पत्र के माध्यम से उन्होंने केंद्र सरकार से भी मांग की कि देश के प्रमुख नेताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सख्त और ठोस नियम बनाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके और जनप्रतिनिधियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
- गाजियाबाद में सनसनीखेज वारदात: जिम ट्रेनर प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, ताबड़तोड़ किए चाकू से वार; दोनों गिरफ्तार - October 28, 2026
- “मोदी-योगी को छोड़ा तो माथे पर टीका नहीं बचेगा”,कबीर महोत्सव में बोले योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह - October 28, 2026
- यूपी MLC चुनाव में सपा की बढ़त से गदगद अखिलेश यादव बोले- “बनारस में हार से हताश भाजपा ऑल आउट, लखनऊ वाले नहीं उठा रहे दिल्ली का फोन” - October 28, 2026