आगरा। थाना खेरागढ़ क्षेत्र में सोमवार–मंगलवार की रात चोरों ने बेखौफ होकर दुस्साहस की हदें पार कर दीं। खेरागढ़ थाना की दीवार से सटी एक परचून दुकान को निशाना बनाते हुए चोर करीब दो लाख रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। थाने के बिल्कुल पास हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।
मंगलवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार बॉबी ने देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ है, शटर खुला पड़ा है और गल्ले में रखी पूरी नकदी गायब है। सूचना मिलते ही स्थानीय व्यापारी और ग्रामीण मौके पर जुट गए। सभी ने थाने के पास हुई चोरी को लेकर नाराजगी जताई।
दुकानदार का कहना है कि दुकान थाने से सटी होने के कारण वे खुद को सुरक्षित मानते थे, लेकिन इस घटना ने भरोसा तोड़ दिया। चोर दुकान से गल्ला निकालकर ले गए थे, जो बाद में बाजार में पड़ा मिला, जबकि उसमें रखी नकदी गायब थी।
300 मीटर दूर मेडिकल स्टोर की चोरी अब भी रहस्य
स्थानीय लोगों ने बताया कि एक सप्ताह पहले थाना खेरागढ़ से करीब 300 मीटर दूरी पर स्थित एक मेडिकल स्टोर में भी चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में नलकूपों से लगातार हो रही चोरियों से किसानों में भी चिंता बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों और व्यापारियों का आरोप है कि रात के समय पुलिस गश्त बेहद कमजोर है, इसी वजह से चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब थाने के पास की दुकान सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा पर कैसे भरोसा किया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। फिलहाल क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद और जनता में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
- यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी: अखिलेश यादव की अध्यक्षता में हुई जिला-महानगर अध्यक्षों की बैठक, मांगे गए संभावित प्रत्याशियों के नाम - August 31, 2026
- आगरा के ताजगंज में नगर निगम की ताबड़तोड़ छापेमारी: स्पा और होटल से आपत्तिजनक सामग्री मिलने से मचा हड़कंप - August 31, 2026
- ‘देखिए सर, तमंचा लोड तो नहीं है…’– कैमरे के सामने आगरा पुलिस के फिल्मी अंदाज ने सोशल मीडिया पर बटोरी सुर्खियां, अवैध हथियार के साथ पकड़े गए आरोपी का ड्रामाई वीडियो चर्चा में - August 31, 2026