आगरा। अमर शहीद बाबा दीप सिंह के पावन जन्मदिवस के अवसर पर विजय नगर कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा साहिब में रविवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य कीर्तन समागम का आयोजन किया गया। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन हजूरी में आयोजित इस समागम में बड़ी संख्या में संगत ने मत्था टेककर गुरु का आशीर्वाद लिया और गुरबाणी की मधुर धुनों में आत्मिक आनंद की अनुभूति की।
समागम में पंथ के सुप्रसिद्ध रागी जत्था भाई साहब भाई गुरविंदर सिंह (रिंकू जी), अमृतसर वाले ने भावपूर्ण गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया। शबद-कीर्तन की गूंज से पूरा गुरुद्वारा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। संगत कीर्तन में भावविभोर होकर “जो बोले सो निहाल” और “सत श्री अकाल” के जयकारों के साथ गुरु महिमा का गुणगान करती नजर आई।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रधान हरजिंदर सिंह ने अमर शहीद बाबा दीप सिंह के बलिदान और उनके साहसिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा दीप सिंह का जीवन त्याग, सत्य और गुरु भक्ति की मिसाल है। उन्होंने कहा कि बाबा दीप सिंह का बलिदान आज भी सिख समाज ही नहीं, बल्कि समस्त मानवता को धर्म और न्याय के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में संत बाबा प्रीतम सिंह का विशेष सहयोग रहा। समागम का आयोजन अमृतवेला परिवार, आगरा द्वारा किया गया। अरदास और हुक्मनामा के उपरांत गुरु का अटूट लंगर सेवा और श्रद्धा भाव से आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
समारोह में प्रमुख रूप से हरजिंदर सिंह खनुजा, कवलजीत सिंह, श्याम भोजवानी, गुरमुख व्यानी, पवन मक्कर, बबलू व्यानी, योगेश छठवानी, अशोक अरोड़ा, विकास व्यानी, संजय जटाना सहित अनेक सेवादार और संगत उपस्थित रही।
गुरुद्वारा साहिब में आयोजित यह समागम श्रद्धा, भक्ति और सेवा भावना के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बाबा दीप सिंह के बलिदान को याद करते हुए संगत ने गुरु चरणों में नमन किया और एकता का संदेश दिया।
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026