आगरा। नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स, उत्तर प्रदेश की वर्ष 2026–27 की नई कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर औपचारिक चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। चैम्बर सभागार में चुनाव समिति की अहम बैठक के बाद तय किया गया कि 14 मार्च 2026 (शनिवार) को वाटर वर्क्स चौराहे के निकट स्थित अग्रवन में प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक मतदान कराया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता चुनाव समिति के चेयरमैन एवं पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने की।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि चुनाव प्रक्रिया चैम्बर के संविधान और नियमावली के अनुसार ही संपन्न कराई जाएगी। चुनाव समिति के चेयरमैन मनीष अग्रवाल ने बताया कि इस बार अध्यक्ष पद, दो उपाध्यक्ष, एक कोषाध्यक्ष और 14 औद्योगिक–व्यावसायिक समूहों के लिए कार्यकारिणी सदस्यों का निर्वाचन कराया जाएगा। वार्षिक चुनाव सूचना समय से सभी सदस्यों को भेजी जाएगी।
पात्रता को लेकर सख्त नियम
चुनाव समिति ने साफ किया कि 10 फरवरी 2026 तक सदस्यता शुल्क जमा करने वाले सदस्य ही चुनाव लड़ने के पात्र होंगे। वहीं अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को नामांकन के समय शपथ-पत्र देना अनिवार्य होगा, जिसमें यह घोषणा करनी होगी कि वे किसी अन्य संस्था के पदाधिकारी नहीं हैं और किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े नहीं हैं।
14 समूहों में होगा प्रतिनिधित्व का चुनाव
चैम्बर कार्यकारिणी में विभिन्न उद्योग एवं व्यापार समूहों से निम्नानुसार सदस्य चुने जाएंगे—
समूह 1 (फाउंड्री कास्टिंग, फेरस/नॉन-फेरस, रोलिंग मिल्स आदि) – 2 सदस्य
समूह 2 (डीजल इंजन, जनरेटर व पंप निर्माण/स्पेयर) – 2 सदस्य
समूह 3 (कोल्ड स्टोरेज व खाद्य प्रसंस्करण) – 2 सदस्य
समूह 4 (फुटवियर व उनके पुर्ज़ों के निर्माता) – 5 सदस्य
समूह 5 (अन्य निर्माता, वैज्ञानिक, सर्जिकल उपकरण व स्वर्णकार) – 2 सदस्य
समूह 6 (व्यापारी वर्ग) – 4 सदस्य
समूह 7 (होटल, रेस्टोरेंट, टूर ऑपरेटर, हस्तशिल्प, वस्त्र, कालीन-दरी) – 1 सदस्य
समूह 8 (आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स व विद्युत उपकरण) – 1 सदस्य
समूह 9 (सीमेंट, उर्वरक, रसायन, कीटनाशक, प्लास्टिक-रबर) – 3 सदस्य
समूह 10 (मुद्रक, प्रकाशक, स्टेशनरी व पैकेजिंग व्यापारी) – 2 सदस्य
समूह 11 (रियल एस्टेट डेवलपर व बिल्डर) – 1 सदस्य
समूह 12 (सेवा प्रदाता, पेशेवर वर्ग व अन्य) – 2 सदस्य
समूह 13 (स्वर्णकार व कृत्रिम आभूषण निर्माता/व्यापारी) – 4 सदस्य
समूह 14 (वस्त्र, कालीन, दरी व कपड़ा व्यापारी) – 1 सदस्य
बैठक में चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल, पूर्व अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, अनिल वर्मा और महेंद्र कुमार सिंघल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
- आगरा सर्राफा बाजार में हड़कंप: एक करोड़ की चांदी डकार गए दो कारीगर भाई, कोर्ट के आदेश पर FIR - February 14, 2026
- हादसा या हत्या? यमुना में तैरता मिला 9वीं की छात्रा का शव, आगरा में परिजनों ने पुलिस की ‘डूबने वाली थ्योरी’ को नकारा - February 14, 2026
- सत्ता से बाहर रहकर कांग्रेस हुई जहरीली… असम में बोले पीएम मोदी— घुसपैठियों के हवाले राज्य को करना चाहता है विपक्ष - February 14, 2026