दुबई में गूंजा भारत का डंका; आगरा की बेटी प्राची पचौरी के शानदार खेल से केन्या को हराकर तीसरी बार विश्व विजेता बना भारत

स्थानीय समाचार

आगरा। दुबई में आयोजित 7वें रोल बॉल वर्ल्ड कप 2025 में आगरा की बेटी प्राची पचौरी ने भारतीय महिला टीम के साथ स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। 16 देशों की भागीदारी वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में केन्या को 3-2 से पराजित कर तीसरी बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की। इस ऐतिहासिक जीत के साथ प्राची पचौरी आगरा ही नहीं, पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का प्रतीक बन गई हैं।

फाइनल में केन्या की टीम लगातार तीसरी बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरी थी, लेकिन प्राची पचौरी, इशिका शर्मा और सुविधा सरीन के शानदार तालमेल और जुझारू खेल के आगे केन्या के मंसूबे टूट गए। इससे पहले भारत ने सेमीफाइनल में ईरान को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

मंत्री ने घर पहुंचकर दी बधाई, किया सम्मान

वर्ल्ड कप जीतने के बाद प्राची के सम्मान में उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय उनके रुई की मंडी, शाहगंज स्थित निवास पर पहुंचे। उन्होंने प्राची को शुभकामनाएं देते हुए उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया।

मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि भारत की नारी शक्ति ने एक बार फिर विश्व मंच पर अपना परचम लहराया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि योगी सरकार खेल प्रतिभाओं के साथ मजबूती से खड़ी है और प्राची को भविष्य में भी हर संभव सहयोग दिया जाएगा। मंत्री ने प्राची से उनके संघर्ष, अभ्यास और वर्ल्ड चैंपियन बनने की यात्रा पर विस्तार से चर्चा भी की।

10 वर्षों की मेहनत बनी सफलता की कुंजी

प्राची पचौरी ने बताया कि वह पिछले 10 वर्षों से निरंतर अभ्यास कर रही हैं। वर्तमान में वह बोस्टन पब्लिक स्कूल, पश्चिमपुरी में कोच सुमित पाराशर के निर्देशन में नियमित प्रशिक्षण ले रही हैं।

उन्होंने बताया कि भारतीय टीम ने 10 नवंबर से 10 दिसंबर 2025 तक पुणे में आयोजित विशेष कैंप में एक माह तक कठिन प्रशिक्षण किया था। इसके बाद टीम दुबई रवाना हुई, जहां विश्व की 16 टीमों को पीछे छोड़ते हुए भारत ने खिताब पर कब्जा जमाया।

पढ़ाई में भी अव्वल, खेल में भी नंबर-1

प्राची ने सेंट पॉल चर्च कॉलेज, संजय पैलेस, आगरा से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा 95 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की है। खेल उपलब्धियों की बात करें तो प्राची अब तक राष्ट्रीय स्तर पर 6 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक जीत चुकी हैं।

उनका चयन इंदौर में आयोजित सीनियर नेशनल रोल बॉल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ था, जहां फाइनल में तमिलनाडु को हराकर उन्होंने वर्ल्ड कप टीम में अपनी जगह पक्की की।

परिवार को भी मिला सम्मान

कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने प्राची के पिता डॉ. दिग्विजय पचौरी, माता साधना पचौरी और भाई जलज पचौरी का भी अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की बेटी ने जिस तरह विश्व स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है, वह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर रमाशंकर त्यागी, सुनील करमचंदानी, आदेश त्यागी, पूर्व पार्षद अनीता खरे, उमेश पेरवानी, संदीप उपाध्याय, संदीप वर्मा, पार्षद राधा रानी, गौरव सारस्वत सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, खेल प्रेमी और प्राची के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh