लखनऊ/दिल्ली। उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार सुबह अचानक दिल्ली पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब 45 मिनट तक बातचीत हुई। इस मुलाकात को नए साल की शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसके मायने कहीं व्यापक निकाले जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में प्रदेश की प्रमुख विकास योजनाओं, केंद्र–राज्य समन्वय और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री योगी के दौरे को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि इसी दौरान वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात करने वाले हैं।
क्यों बढ़ी अटकलें?
सीएम योगी का यह दिल्ली दौरा ऐसे समय हुआ है, जब उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी राजधानी में मौजूद हैं। ब्रजेश पाठक ने सोमवार सुबह नितिन नवीन से अलग से मुलाकात भी की। इन समानांतर बैठकों ने मंत्रिमंडल विस्तार और संगठनात्मक फेरबदल की चर्चाओं को और हवा दे दी है।
खाली पद और संभावित बदलाव
यूपी कैबिनेट में फिलहाल कई मंत्री पद खाली हैं। पार्टी और सरकार के स्तर पर नए चेहरों को शामिल करने, कुछ मंत्रियों के विभागों में बदलाव और संगठन–सरकार के बेहतर तालमेल को लेकर विचार-विमर्श की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इन बैठकों के जरिए इन प्रस्तावों पर अंतिम मुहर लग सकती है।
संगठन पर भी नजर
नितिन नवीन के साथ प्रस्तावित बैठक को प्रदेश संगठन में संभावित बदलावों से जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा नेतृत्व जातिगत और क्षेत्रीय संतुलन साधते हुए संगठन को और मजबूत करने के विकल्पों पर मंथन कर रहा है। आधिकारिक तौर पर भले ही इन मुलाकातों को ‘शिष्टाचार भेंट’ कहा जा रहा हो, लेकिन एजेंडे में मिशन 2027 की रूपरेखा और सरकार–संगठन के बीच समन्वय प्रमुख रूप से शामिल माना जा रहा है।
- बाबा दुर्बलनाथ की जय-जयकार से गूंजा आगरा: संत शिरोमणि के 165वें जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब - September 22, 2026
- माँ नारायणी की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब: जयकारों से गूंजा शहर, ब्रज के कलाकारों ने बिखेरी अनोखी आभा - September 22, 2026
- आगरा के जनकपुरी महोत्सव की महाआरती में शामिल हुईं बाह विधायक रानी पक्षालिका सिंह भदावर: प्रभु श्री राम की पूजा-अर्चना कर मांगी देश-प्रदेश की खुशहाली - September 22, 2026