गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के गाजियाबाद में पहले दौरे के दौरान एनएच-09 पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में उस समय कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, जब भाजपा के मंडल महामंत्री माधव कुमार की जेब से 50 हजार रुपये की गड्डी गायब हो गई। भीड़भाड़ के बीच मंच से भावुक अपील की गई कि यदि किसी कार्यकर्ता को यह राशि मिली हो, तो वह बड़ा दिल दिखाते हुए उसे लौटा दे।
प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह था। जगह-जगह स्वागत की तैयारियां की गई थीं। एनएच-09 पर डासना के पास इन्मेंटेक कॉलेज के निकट भव्य स्वागत मंच सजाया गया था। फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच कार्यक्रम शुरू हुआ और माहौल राजनीतिक उत्सव में बदल गया। इसी दौरान भारी भीड़ और आवागमन के बीच यह अप्रत्याशित घटना सामने आई, जिसने कुछ देर के लिए कार्यक्रम को असहज कर दिया।
जानकारी के अनुसार, स्वागत कार्यक्रम के दौरान मंच के आसपास अत्यधिक भीड़ थी। कार्यकर्ता लगातार आगे-पीछे आ-जा रहे थे। इसी अफरा-तफरी में माधव कुमार की जेब से 50 हजार रुपये की गड्डी गायब हो गई। शुरुआत में इसे गलतफहमी माना गया, लेकिन कुछ ही मिनटों में सूचना मंच तक पहुंच गई।
एनएच-09 पर पहले से लगे जाम और बढ़ती भीड़ के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी। इसी बीच राशि गायब होने की खबर से मंच पर मौजूद नेताओं की चिंता बढ़ गई। हालात को संभालते हुए भाजपा किसान मोर्चा के महानगर अध्यक्ष पंकज भारद्वाज ने माइक संभाला और कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत का है और किसी भी तरह की अव्यवस्था पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा सकती है। उन्होंने भावुक स्वर में अनुरोध किया कि यदि किसी कार्यकर्ता को यह राशि मिली हो, तो वह उसे लौटा दे।
सूत्रों के मुताबिक, माधव कुमार ने बताया कि कार्यक्रम से पहले किसी आवश्यक कार्य के लिए वे 50 हजार रुपये साथ लेकर आए थे। भीड़ में धक्का-मुक्की और लगातार लोगों से मिलने-जुलने के दौरान उन्हें यह अहसास नहीं हुआ कि पैसे कब गायब हो गए। जब जेब चेक की गई, तब तक काफी देर हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल मंच पर मौजूद पदाधिकारियों को सूचना दी।
घटना के बाद स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने स्तर पर तलाश शुरू की। मंच के पीछे, आसपास की कुर्सियों और कार्यक्रम स्थल के नजदीकी हिस्सों में खोजबीन की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक राशि का कोई सुराग नहीं लग सका।
- ’चलो गाँव की ओर’: लायंस क्लब और आगरा डायबिटीज फोरम ने बलदेव में लगाया मेगा हेल्थ कैंप, 500 मरीजों को मिली राहत - February 22, 2026
- Agra News: वीआईपी रोड पर ट्रैफिक नियमों के उड़े परखच्चे, सनरूफ खोलकर स्टंट करते दिखे युवा, एक्शन की तैयारी - February 22, 2026
- सलाम! विदाई के बाद ससुराल नहीं, सीधे ‘इंटरव्यू’ देने पहुंची दुल्हन; दूल्हे की समझदारी ने पेश की महिला सशक्तिकरण की मिसाल - February 22, 2026