लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड और घने कोहरे का प्रकोप लगातार जारी है। शुक्रवार को लगभग पूरा प्रदेश घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात के साथ-साथ आम जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। ठंड और कम दृश्यता के कारण सुबह और देर रात घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के 50 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही तराई और पूर्वी यूपी समेत करीब 40 जिलों में अत्यधिक शीतदिवस की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में दिन के तापमान में भारी गिरावट के आसार हैं, जिससे ठंड का असर और तेज हो सकता है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, रविवार से प्रदेश में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इसके प्रभाव से दिन के तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी संभव है और कोहरे के घनत्व में भी कुछ कमी आ सकती है।
शुक्रवार को वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, दिल्ली और उत्तराखंड से सटे जिलों में घने कोहरे के साथ सर्द पछुआ हवाएं चलीं। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। आगरा, बरेली, कुशीनगर और गोरखपुर में सुबह के समय दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई, जबकि बहराइच में दृश्यता 20 मीटर और अलीगढ़ व फर्रुखाबाद में 30 मीटर तक सिमट गई।
इन जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का रेड अलर्ट
कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत।
इन जिलों में दिन के तापमान में बड़ी गिरावट के आसार
प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने की अपील की है।
- सरेराह दबंगई: आगरा में भाजपा विधायक के नाती के साथ मारपीट और लूटपाट, 65 हजार रुपये छीने; पुलिस जांच में जुटी - June 24, 2026
- आगरा-मथुरा हाइवे पर चलते-चलते निकले रोडवेज बस के पहिए, रुनकता के पास पलटी बस; कई यात्री घायल - June 24, 2026
- Agra News: पक्की सराय हादसे में मकान मालिक समेत 7 पर FIR, जर्जर छज्जा गिरने से गई थी दो लोगों की जान - June 24, 2026