आगरा: थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में शनिवार को मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। गीतांजलि हॉस्पिटल के सामने सर्विस रोड पर करीब डेढ़ माह की एक मासूम बच्ची को सड़क किनारे छोड़ दिया गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर पड़ी बच्ची को कुत्तों ने घेर लिया था। समय रहते राहगीरों ने बच्ची को बचाया और पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान पता चला कि बच्ची पास में ही रहने वाले कपिल पुत्र गोपाल सिंह की है। कपिल शादियों में हलवाई का काम करता है और शनिवार सुबह काम पर गया हुआ था। आरोप है कि पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते उसकी पत्नी नवजात बच्ची को सड़क पर छोड़कर चली गई।
सूचना मिलने पर बच्ची की बुआ भी मौके पर पहुंची, जिनसे पुलिस ने पूछताछ की। इंद्रा ज्योति नगर शाहदरा निवासी सोना पत्नी देवेंद्र ने बताया कि उसका भाई कपिल पिछले दो वर्षों से ज्योति नाम की महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। ज्योति पहले से शादीशुदा है और उसका एक पांच साल का बेटा भी है। करीब डेढ़ माह पूर्व उसने इस बच्ची को जन्म दिया था।
थाना ट्रांस यमुना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शाहदरा चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह और अरविंद कुमार ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। प्रारंभिक जांच में एक महिला द्वारा बच्ची को सड़क पर छोड़ने की पुष्टि हुई है। फिलहाल मासूम बच्ची को उसकी बुआ के सुपुर्द कर दिया गया है, जबकि आरोपी महिला की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
- संजय प्लेस में पार्किंग बनी ‘ओपन बार’ की खबर का बड़ा असर: एक्शन में आई आगरा पुलिस, शराबियों पर सख्ती से व्यापारियों में खुशी - October 31, 2026
- ताजनगरी में ‘अमृतम् परिवार’ का भव्य दीपावली उत्सव: गरबा-डांडिया की धुनों पर थिरके कदम, आतिशबाजी से रोशन हुआ आसमान - October 31, 2026
- रामपुर जेल से रिहा होते ही फिर गिरफ्तार हुए आजम खान, सपा नेता बोले- कानून खत्म हो गया है, मुसलमान होने की मिल रही सजा - October 31, 2026