आगरा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र में कक्षा छह में पढ़ने वाली 12 वर्षीय छात्रा रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। गुरुवार सुबह घर से स्कूल जाने निकली छात्रा शाम तक वापस नहीं लौटी। शुक्रवार को यमुना नदी के जंगल क्षेत्र में उसकी साइकिल और स्कूल बैग मिलने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। छात्रा की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें और पीएसी के गोताखोर लगाए गए हैं।
रास्ते में साइकिल की चेन उतरी, भाई को भेजा स्कूल
जानकारी के अनुसार, छात्रा अपने छोटे भाई के साथ दो किलोमीटर दूर स्थित विद्यालय के लिए साइकिल से निकली थी। रास्ते में उसकी साइकिल की चेन उतर गई। उसने भाई को स्कूल जाने को कहा और खुद चेन चढ़ाने लगी। लेकिन इसके बाद वह स्कूल नहीं पहुंची। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, पर रात भर कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार रात करीब 10 बजे छात्रा के पिता की तहरीर पर फतेहाबाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली।
जंगल में मिली साइकिल और पहाड़ी पर बैग
शुक्रवार सुबह परिजन और स्थानीय लोग जंगल में उसकी तलाश में जुटे। तलाश के दौरान स्वारा गांव के पास देवी मंदिर जाने वाले रास्ते पर छात्रा की साइकिल खड़ी मिली। पास ही एक ऊंची पहाड़ी पर किताबों से भरा उसका बैग भी बरामद हुआ।
स्थानीय लोगों ने बताया कि छात्रा ने मंदिर के पास स्थित एक दुकान से कुछ खाने-पीने का सामान खरीदा था। इसके बाद वह किस दिशा में गई, इसकी किसी को जानकारी नहीं है।
यमुना नदी में भी तलाश, गोताखोर लगे
सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद अनिल कुमार ने बताया कि छात्रा की साइकिल और बैग बरामद हो चुके हैं। घटनास्थल के पास यमुना नदी होने के कारण शनिवार को पीएसी के गोताखोरों ने नदी में उसकी तलाश की।
उन्होंने कहा कि पुलिस की पांच टीमें जंगल क्षेत्र, नदी के किनारे और अन्य संभावित स्थानों पर लगातार खोज अभियान चला रही हैं। अभी तक छात्रा के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है।
छात्रा के गायब होने से परिवार में मातम का माहौल है और ग्रामीण भी गहरी चिंता में हैं। पुलिस उसे जल्द खोज निकालने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास कर रही है।
- अदा शर्मा की मराठी कविता ने सोशल मीडिया पर मचाया तहलका, खूंखार भेड़िये के शाकाहारी बनने की अनोखी कहानी छाई - November 10, 2026
- पारंपरिक खूबसूरती और आधुनिक फैशन का संगम: अभिनेत्री पारुल यादव के एथनिक लुक ने दिवाली की महफिल में लगाए चार चांद - November 10, 2026
- पर्यावरण संरक्षण की अनूठी मिसाल: अभिनेत्री अर्शी खान ने इस साल पटाखों से तौबा कर मनाई इको-फ्रेंडली दिवाली - November 10, 2026