आगरा। आगरा-फिरोजाबाद नेशनल हाइवे पर एत्मादपुर क्षेत्र स्थित बरहन तिराहे पर रविवार को भारी जाम के बीच बड़ा हादसा होने से टल गया। ट्रक के आगे अचानक एक कार आ जाने से ट्रक चालक ने ब्रेक लगा दिए, जिससे कार में सवार परिवार बाल-बाल बच गया। जाम के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी होने से टक्कर गंभीर हादसे में नहीं बदली।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार में एक परिवार सवार था। जैसे ही कार ट्रक के सामने आई, मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों का कहना है कि अगर वाहन तेज रफ्तार में होते तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।
बरहन तिराहा लंबे समय से हादसों का हॉटस्पॉट बना हुआ है। कुछ दिन पहले इसी चौराहे पर एक बाइक ट्रेलर की चपेट में आ गई थी, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे। इससे पहले एक टैंकर की चपेट में आकर दो लोगों की मौत भी हो चुकी है। बावजूद इसके, चौराहे पर ट्रैफिक कंट्रोल और गति नियंत्रण की पर्याप्त व्यवस्था अब तक नहीं की गई है।
रविवार को जाम ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। हाईवे की दोनों दिशाओं में वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को दो से तीन घंटे तक फंसे रहना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरहन तिराहा पार करना अब “खतरे का सौदा” बन चुका है।
सूचना मिलने पर एत्मादपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवागमन सुचारू कराने में जुट गई। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल स्थिति सामान्य कर दी गई है, लेकिन नियमित हादसों और अव्यवस्था को देखकर यात्रियों में नाराजगी और भय दोनों बना हुआ है।
- आगरा में साइबर ठगी का अनोखा मामला: महज 12 रुपये का बकाया बिल चुकाने का झांसा देकर ठगों ने खाते से उड़ाए 28.19 लाख रुपये - September 23, 2026
- आगरा नगर निगम में सियासी संग्राम: शौचालय निर्माण का प्रस्ताव अटकाने से नाराज भाजपा पार्षद सुनील करमचंदानी ने नगर आयुक्त के चैंबर में दिया धरना - September 23, 2026
- आगरा में स्ट्रैची ब्रिज के पास दर्दनाक हादसा: गहरे गड्ढे में पैर फंसने से यमुना में डूबा शख्स, एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया शव - September 23, 2026