Agra News: दोस्ती के नाम पर जाल, वीडियो से महिला को ब्लैकमेल, आरोपी की तलाश तेज

Crime

आगरा। छत्ता थाना क्षेत्र में चाय की दुकान पर रोजाना आने वाला एक युवक महिला के लिए तनाव और भय का कारण बन गया। सामान्य दिखने वाला यह युवक अर्जुन उर्फ़ चंद्रेश, निवासी पथवारी, बातचीत और दोस्ती के नाम पर महिला से नजदीकियां बढ़ाता चला गया। भरोसा जीतने के बाद उसने चोरी-छिपे महिला के अश्लील फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। इसके बाद युवक ने इन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी।

50 हजार की नई मांग, बोला—पैसा नहीं दिया तो वीडियो वायरल कर दूंगा

पीड़िता के अनुसार आरोपी ने शुरुआत में सौ–दो सौ रुपये की मामूली रकम मांगकर उसे मानसिक रूप से अपने जाल में फंसाया। धीरे–धीरे उसकी मांगें बढ़ती गईं और वह अब तक करीब एक लाख रुपये ले चुका था। इसके बाद उसने 50 हजार रुपये और मांगते हुए धमकी दी कि रकम न देने पर फोटो–वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। लगातार धमकियों से परेशान महिला तनाव में रहने लगी और अंततः उसने हिम्मत जुटाकर थाना छत्ता में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस सक्रिय, संभावित ठिकानों पर दबिश

शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी है। अर्जुन उर्फ़ चंद्रेश के संभावित ठिकानों पर दबिशें दी जा रही हैं। पुलिस उसके मोबाइल और डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराने की तैयारी कर रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए साइबर सेल की मदद लेने पर भी विचार किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर ब्लैकमेलिंग में इस्तेमाल किए गए उपकरणों की जांच की जाएगी, ताकि यह पता चल सके कि कहीं वीडियो किसी अन्य प्लेटफॉर्म पर अपलोड या शेयर तो नहीं किए गए।

Dr. Bhanu Pratap Singh