आगरा। सामाजिक संस्था इंडिया राइजिंग ने रविवार को प्रयास फाउंडेशन और नगर निगम की टीम के साथ मिलकर वाटर वर्क्स चौराहे स्थित पार्क की सूरत बदल दी। अभियान के दौरान पूरे पार्क की सफाई की गई और कूड़े को नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने ट्रैक्टर में भरकर निस्तारित किया।
पार्क को मिला नया रूप
पार्क की सुंदरता बढ़ाने के लिए इंडिया राइजिंग टीम के सदस्यों ने पुराने गमलों पर पेंट कर उन्हें आकर्षक रूप दिया। ताजा रंगाई और सफाई से पार्क पूरी तरह नया दिखाई देने लगा।
स्वच्छता और पर्यावरण का संदेश
प्रयास फाउंडेशन ने अपने अभियान “एक कदम स्वच्छता की ओर” के तहत लोगों को पर्यावरण बचाने और उसकी देखभाल करने का संदेश दिया। संस्थाओं का कहना है कि छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव लाते हैं और स्वच्छता व हरियाली की जिम्मेदारी सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की है।
स्थानीय लोगों ने की सराहना
पार्क के आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना की। उनका कहना है कि लंबे समय से पार्क की अनदेखी हो रही थी, जिसके कारण वहां गंदगी और अव्यवस्था का माहौल था। सफाई और सौंदर्यीकरण के बाद अब शहर के इस चौराहे से ताजनगरी आगरा की सुंदरता में चार चांद लग गए है ।
अभियान में रहे ये लोग शामिल
अभियान में इंडिया राइजिंग की अध्यक्ष संगीता राठौर, नितिन जौहरी, आर. पी. सक्सेना, सुन्दर लाल चेतवानी, बृजेश प्रजापति, संदीप भाई, अमित कोहली तथा प्रयास फाउंडेशन से गुड्डू भाई, रवि गुप्ता, अंकुर गर्ग सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
आगे भी जारी रहेंगे प्रयास
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सिर्फ शुरुआत है। आने वाले समय में शहर के अन्य पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर भी इसी तरह सफाई और सौंदर्यीकरण अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, स्थानीय नागरिकों को इन स्थलों की देखरेख के लिए प्रेरित किया जाएगा ताकि स्वच्छता अभियान स्थायी रूप से प्रभावी हो सके।
- आगरा में खेत का रास्ता रुकने से भड़का किसान परिवार: निर्माणाधीन बिजली टावर पर चढ़ा फौजी का बेटा, मची अफ़रातफ़री - October 30, 2026
- आगरा में PET-2026 की शुरुआत: कठिन सवालों में उलझे परीक्षार्थी, बारिश और ट्रैफिक से बेपटरी हुई शहर की रफ्तार - October 30, 2026
- 45 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी, बारिश और ट्रैफिक का ट्रिपल अटैक: आगरा में PET-2026 के पहले दिन बेपटरी हुई यातायात व्यवस्था - October 30, 2026