आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने सोमवार को मीडिया से कहा, “मुझ पर हमला करने वाले लोग सोचते हैं इन सब से मैं टूट जाऊंगा या झुक जाऊंगा तो यह उनकी गलतफहमी है।”
गौरतलब है कि रविवार को बुलंदशहर जाते समय सुमन के काफिले पर अलीगढ़ में हमला किया गया। प्रदर्शनकारियों ने काफिले पर टायर फेंके और पत्थरबाजी की। यकायक हुए इस हमले से काफिले की आठ-दस कारें आपस में टकरा गईं और आधा दर्जन लोग चुटैल हो गए। इसके बाद पुलिस ने सांसद सुमन को वापस भेज दिया।
सोमवार को मीडिया से बातचीत में रामजीलाल सुमन ने कहा कि राज्य सरकार का लचीलापन प्रदेश का माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों को संरक्षण दे रहा है। उन पर दो-तीन बार हमले की कोशिश की गई, जिन्होंने कातिलाना हमला किया, उन्हें ससम्मान रात को पुलिस ने छोड़ दिया। अपने गुनाहों को छिपाने के लिए पुलिस पेशबंदी में हमारे खिलाफ फर्जी मुकदमे लिख रही है।
उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति, गृहमंत्री, दिल्ली कमिश्नर, डीजीपी यूपी, गृह सचिव यूपी और कई अन्य जगह पर भी सुरक्षा के लिए कहा गया, लेकिन सुरक्षा नहीं मिली। अब हाईकोर्ट से ही सुरक्षा मिलने की उम्मीद है। एक माह से ज्यादा हो गया, अगर सुरक्षा व्यवस्था मिलनी होती तो मिल जाती। सुरक्षा व्यवस्था न मिलने से साफ तौर पर षड्यंत्र की बू आ रही है।
रामजीलाल सुमन ने कहा जिस तरह से घात लगाकर हमला हुआ। उससे लगता है सरकार मेरी हत्या कराना चाहती है। मेरे ऊपर जानलेवा हमले की साजिश रची गई। इससे पहले भी करणी सेना ने विगत 26 मार्च को मेरे आवास पर हमला किया था। हमलावरों को पुलिस और सरकार से संरक्षण प्राप्त है। आवास पर हमले मामले में दो केस दर्ज हुए थे लेकिन कोई भी आरोपी नहीं पकड़ा गया। इसके बाद विगत 12 अप्रैल को गढ़ी रामी में करणी सेना ने प्रदर्शन किया। वहां भी तलवारें और बंदूकें लहराईं गईं। पुलिस और प्रशासन का रवैया लचर रहा। ये सब सरकार के इशारे पर हो रहा है। एक वर्ग विशेष के हौसले बुलंद हैं। मुझे अगर कुछ होता है तो उसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।
- गाजियाबाद में सनसनीखेज वारदात: जिम ट्रेनर प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, ताबड़तोड़ किए चाकू से वार; दोनों गिरफ्तार - October 28, 2026
- “मोदी-योगी को छोड़ा तो माथे पर टीका नहीं बचेगा”,कबीर महोत्सव में बोले योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह - October 28, 2026
- यूपी MLC चुनाव में सपा की बढ़त से गदगद अखिलेश यादव बोले- “बनारस में हार से हताश भाजपा ऑल आउट, लखनऊ वाले नहीं उठा रहे दिल्ली का फोन” - October 28, 2026