लखीमपुर खीरी: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमले की घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खीरी से पाकिस्तान को सीधी चेतावनी दी।सीएम योगी ने कहा कि यह नया भारत है,छेड़ने वाले को छोड़ेगा नहीं, जो सुरक्षा में सेंध लगाएगा, उसे उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा। शारदा नदी की बाढ़ से खीरी जिले के क्षेत्र को बचाने के लिए 22 करोड़ की लागत से चल रही ड्रेजिंग व चेनलाइजेशन की परियोजना का निरीक्षण और पलिया में जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को अनुदान वितरण करने के बाद सीएम जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
सीएम ने पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों को श्रद्धांजलि दी।
सीएम योगी ने कहा कि नया भारत किसी को छेड़ता नहीं है, अगर कोई भारत को छेड़ता है तो भारत उसे छोड़ेगा भी नहीं। बता दें कि सीएम योगी ने पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सीएम ने कहा कि सभ्य समाज में आतंकवाद और अराजकता के लिए कोई जगह नहीं हो सकती। भारत सरकार का सुरक्षा, सेवा और सुशासन का मॉडल विकास, गरीब कल्याण और सभी की सुरक्षा पर आधारित है,लेकिन अगर कोई सुरक्षा में सेंध लगाने का दुस्साहस करेगा तो कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति (जीरो टॉलरेंस) के तहत उसे उसी की ही भाषा में जवाब दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए सीएम ने कहा कि यह नया भारत किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन किसी ने छेड़ा तो उसे छोड़ेगा भी नहीं।
सीएम योगी ने कहा कि आज कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति के तहत मोदी जी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश को माफिया, अराजकता और दंगों से मुक्त किया, उत्तर प्रदेश को देश की अग्रणी व्यवस्था में लाकर खड़ा कर दिया। सीएम ने कहा कि अब देश के अंदर उत्तर प्रदेश आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर वाला राज्य है, रेलवे का बेहतरीन नेटवर्क है, देश की पहली रैपिड रेल प्रदेश में चलती है, उत्तर प्रदेश के सर्वाधिक शहरों में मेट्रो का संचालन हो रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि साल 2017 के पहले किसानों का 10-10 वर्षों का गन्ना मूल्य का बकाया रहता था। आज 105 चीनी मिलें ऐसी हैं, जो एक सप्ताह के अंदर गन्ना मूल्य का भुगतान कर रही हैं। आज लखीमपुर विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। सीएम ने लखीमपुर खीरी में मेडिकल कॉलेज के निर्माण पर खुशी जताई और कहा कि पहले यह सपना था, आज हकीकत है।
सीएम योगी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस जाति के नाम पर समाज को बांटने का काम कर रही है। समाजवादी पार्टी एक तरफ छत्रपति शिवाजी महाराज और राणा सांगा का अपमान करती है। दूसरी तरफ क्रूर शासक औरंगजेब और बाबर का महिमा मंडन करती है।
बता दें कि बीते दिनों जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई थी। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार एक्शन मोड में दिखाई दे रही है, जिससे पाकिस्तान में खौफ है।पाकिस्तान के नेता बौखलाकर अनाप-शनाप बयान देते दिख रहे हैं।
-साभार सहित
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026