लखनऊ। यूपी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ऐलान के बाद उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड दरोगा, सिपाही और जेल वार्डर के 26,596 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू करेगा। अप्रैल माह के अंत तक इन पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने के लिए विज्ञप्ति जारी की जाएगी।
बता दें कि डीजीपी मुख्यालय से भर्ती बोर्ड को आरक्षी स्तर के विभिन्न पदों पर सीधी भर्ती के लिए कुल 19220 पदों का अधियाचन (प्रस्ताव) भेजा है। इसमें आरक्षी पीएसी के 9837, आरक्षी विशेष सुरक्षा बल के 1341, महिला आरक्षी पीएसी (बदायूं, गोरखपुर, लखनऊ) के 2282, आरक्षी नागरिक पुलिस के 3245, आरक्षी पीएसी/सशस्त्र पुलिस के 2444 और आरक्षी घुड़सवार पुलिस के 71 पद शामिल हैं।
इसके अलावा डीजीपी मुख्यालय ने उपनिरीक्षक (दरोगा) के 4543 पदों पर सीधी भर्ती के लिए भी बोर्ड को अधियाचन भेजा है। इसमें उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के 4242, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस महिला (पीएसी वाहिनी बदायूं, गोरखपुर, लखनऊ) के 106, प्लाटून कमांडर/उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस के 135 और प्लाटून कमांडर/उप निरीक्षक (विशेष सुरक्षा बल) के 60 पद शामिल हैं।
जेल वार्डर की भी होगी भर्ती
वहीं दूसरी ओर कारागार मुख्यालय ने भी भर्ती बोर्ड को जेल वार्डर के 2833 पदों पर सीधी भर्ती करने के लिए अधियाचन भेजा है, जिसका परीक्षण करने के बाद आगामी अप्रैल माह के अंत तक भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए विज्ञप्ति जारी की जाएगी। बोर्ड ने इन सभी भर्तियों के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए बोर्ड की वेबसाइट का अवलोकन करते रहने को कहा है।
60,244 पदों पर की भर्ती
बता दें कि बोर्ड ने आरक्षी नागरिक पुलिस के 60,244 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया हाल ही में संपन्न की है, जिनका चरित्र प्रमाण पत्र और मेडिकल फिटनेस का प्रमाण पत्र जमा कराने की कवायद जारी है। बीते दिनों मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी कि पुलिस में जल्द 30 हजार भर्तियां और की जाएंगी।
-साभार सहित
- आगरा एफएसडीए की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई: 13 फर्मों पर एक साथ छापेमारी, ₹3.63 करोड़ की संदिग्ध दवाएं जब्त, 58 लाइसेंस पर गाज - July 11, 2026
- आगरा में जमीन माफिया पर पुलिस का बड़ा एक्शन: गैंगस्टर एक्ट में महिला समेत 3 गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेजों से प्लॉट की बिक्री करने का आरोप - July 11, 2026
- स्मार्ट सिटी आगरा: खुले नाले में 7 घंटे तड़पती रही गर्भवती गाय, पार्षद किशन नायक ने नाले में खुद उतरकर बचाई गौ माता की जान - July 11, 2026