Agra, Uttar Pradesh, India. कोठी मीना बाजार मैदान पर चल रहे आगरा महोत्सव मेले के अंतर्गत स्व. डॉ अमी आधार निडर स्मृति विचार गोष्ठी एवं परिचर्चा के क्रम में 31 अक्टूबर को भारतीय इतिहास संकलन समिति आगरा ब्रज प्रांत द्वारा एक परिचर्चा का आयोजन किया गया। परिचर्चा का विषय था “स्वतंत्रता संग्राम और आगरा”। उल्लेखनीय है कि डॉ. अमी आधार निडर, भारतीय इतिहास संकलन समिति आगरा के मंत्री के रूप में लंबे समय तक अपना योगदान देते रहे थे।
परिचर्चा की अध्यक्षता करते हुए सुप्रसिद्ध इतिहासकार एवं इतिहास संकलन समिति ब्रज प्रांत के अध्यक्ष प्रोफेसर सुगम आनंद ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में जनसाधारण का अभूतपूर्व योगदान रहा है, जिसे इतिहासकारों ने लिपिबद्ध नहीं किया है। भारतीय स्वातंत्र्य के अमृत-महोत्सव वर्ष में ज्ञात अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को प्रकाशित किया जा रहा है। आगरा शहर और निकटवर्ती ग्रामों में अनेकानेक स्थानीय महिला, पुरुषों का महत्वपूर्ण योगदान स्वतंत्रता आंदोलन में रहा है। भारत छोड़ो आंदोलन में आगरा परिक्षेत्र का सर्वाधिक योगदान था जिसका प्रमाण अभिलेखागार है। लोगों पर आर्थिक और शारीरिक दंड लगाने के प्रमाण उपलब्ध हैं।

विषय प्रवर्तन करते हुए विषय-वक्ता के रूप में इतिहास संकलन समिति ब्रज प्रांत के महामंत्री डॉ तरुण शर्मा ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान आगरा में 1857 की क्रांति, 1920 का असहयोग आंदोलन, 1930 का सविनय अवज्ञा आंदोलन तथा 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान आगरा में हुए अनेक रोचक व प्रेरक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए स्थानीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद किया।
कार्यक्रम के सूत्रधार के रूप में इतिहास संकलन समिति आगरा के मंत्री डॉ. मनोज परिहार ने कार्यक्रम का संचालन किया। अतिथियों का स्वागत समिति के कोषाध्यक्ष श्री सुनील चौधरी ने किया। आभार प्रदर्शन कार्यक्रम संयोजक श्री आदर्श नंदन गुप्ता के द्वारा किया गया।
इस अवसर पर इतिहास संकलन समिति के सिद्धांत शंकर कुलश्रेष्ठ एडवोकेट, वरिष्ठ पत्रकार डॉक्टर भानु प्रताप सिंह, डॉ. विजय सिंह, डॉ. रुचि अग्रवाल, पवन भटेले, शाकिर रजा, ज्ञान सिंह सहित समिति के अनेक सदस्यों व इतिहास प्रेमियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
- आगरा के बरहन में मेड़ काटने को लेकर दो पक्षों में हुई भिड़ंत, तमंचा लहराते युवक का वीडियो वायरल, 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज - June 18, 2026
- आगरा दीवानी कचहरी के बाहर सनसनी: तारीख पर आई बहू को ससुरालियों ने घेरा, सड़क पर गिराकर पीटा, गला दबाने का आरोप - June 18, 2026
- सिंगापुर के वैश्विक मंच पर चमकी ताजनगरी: मेयर हेमलता दिवाकर ने संस्कृति मंत्री को भेंट की ताजमहल की प्रतिकृति, दिया आगरा आने का न्योता - June 18, 2026