वाराणसी: देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में आज मंगलवार सुबह से श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। भोर में मंगला आरती के बाद से ही भक्तों की लाइनें गोदौलिया और मैदागिन तक लगी रहीं।वहीं वीआईपी और प्रोटोकॉल दर्शन भी हो रहे हैं। गर्भगृह के एक द्वार से डबल लाइन में भक्तों को दर्शन कराकर भीड़ प्रबंधन किया जा रहा है।
मंदिर सीईओ विश्वभूषण मिश्रा ने बताया कि गर्भगृह के एक द्वार से दो दो लाइनों में लगे भक्तों को दर्शन कराया जा रहा है। मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा के पहल पर ये व्यवस्था लागू की गई है। इससे ज्यादा से ज्यादा भक्तों को दर्शन कराया जा पा रहा है। इसमें एक लाइन में लगे मंदिर के सामान्य भक्त दर्शन कर रहे हैं।
विश्वभूषण मिश्रा ने बताया कि दूसरी लाइन में आने वाले भक्तों को सीढ़ीदार प्लेटफॉर्म बनाकर गर्भगृह के बाहर से झांकी दर्शन कराया जा रहा है। ऐसे में एक समय में एक गेट से दो लाइनों में लगे भक्तों को दर्शन करा दिया जा रहा है।
विश्वभूषण ने बताया कि इसके अलावा मंदिर के अंदर भीड़ प्रबंधन को लेकर भी काम चल रहा है। महाशिवरात्रि पर भी मंदिर में दर्शन- पूजन महाकुंभ में लागू किए गए नियमों के अनुसार ही होगा।
भक्तों के सैलाब को देखते हुए काशी जोन के एडीसीपी सरवणन टी. ने कहा कि काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एडीसीपी ने कहा कि महाकुंभ के पलट प्रवाह के चलते वाराणसी में पर्यटकों और तीर्थयात्रियों का बड़ा जमावड़ा है। हर रोज यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि पर्यटक और तीर्थयात्री सुरक्षित तरीके से दर्शन कर सकें।
एडीसीपी ने कहा कि तीर्थयात्रियों के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग जगह बनाई गई है जिससे आवाजाही में कोई बाधा न आए। साथ ही ड्रोन से नावों में भीड़भाड़ को लेकर निगरानी की जा रही है। सभी नाव मालिकों को पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जानकारी भी दी गई है।
- “पैसा भेज रही सरकार, फिर क्यों नहीं हो रहा तालाबों का जीर्णोद्धार?”: पूर्व कैबिनेट मंत्री राजा अरिदमन सिंह का अधिकारियों पर बड़ा हमला - November 14, 2026
- बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ नया चक्रवाती तूफान: दक्षिण भारत से लेकर उत्तर भारत तक भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट - November 14, 2026
- ग्रीस में अनिरुद्ध-काव्या की शादी की खुशियों में शामिल हुईं उर्वशी रौतेला, सुपरस्टार रजनीकांत ने भी दिया खास आशीर्वाद - November 14, 2026