लखनऊ: पहाड़ों पर हुई बारिश और बर्फबारी से उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार को लगभग पूरे यूपी में बादल छाए रहे। आने वाले दिनों के लिए मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक मौसम शुष्क रहेगा। दो दिनों में रात के पारे में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इसके बाद दिन और रात के पारे में रोज थोड़ी-थोड़ी गिरावट जारी रहेगी। सुबह शाम हल्का कोहरा देखने को मिलेगा।
राजधानी लखनऊ में शनिवार सुबह बूंदाबांदी और हल्की बारिश से दिन का पारा 2.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। बादल और ठंडी हवाओं से दिन में लोगों ने गलन महसूस की। मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों से आ रही उत्तरी-पछुआ हवा अब ठिठुरन बढ़ाएगी। शनिवार को लखनऊ में 1.4 मिमी बारिश दर्ज हुई।
पहाडों पर बारिश और बर्फबारी से वाराणसी सहित पूर्वांचल के कई जिलों में शनिवार को मौसम का मिजाज बदल गया। दिन में लगभग दो घंटे तक रिमझिम बारिश होने से ठंड बढ़ गई। आसमान में दिनभर बादल छाए रहे। वाराणसी में अधिकतम तापमान में छह डिग्री, मऊ और सोनभद्र में चार-चार डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। सोनभद्र में मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो दिनों में सोनभद्र में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। वाराणसी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि शनिवार को 21.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने 0.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम बदला है। अगले सप्ताह से ठंड बढ़ने और तापमान में कमी के आसार है। जौनपुर में सुबह करीब 10 बजे से बूंदाबांदी हुई थी। इसके बाद पूरे दिन बादल छाए रहे।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 29 दिसंबर से मौसम शुष्क होने के कारण 30 दिसंबर से न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है। मऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया। सोनभद्र जिले के माैसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह के मुताबिक जिले में शनिवार को न्यूूनतम तापमान 11.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश और हवाएं चलने के कारण आजमगढ़, बलिया, चंदौली, मिर्जापुर, गाजीपुर में भी सर्दी बढ़ गई।
-एजेंसी
Discover more from Up18 News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
- योगी सरकार का बड़ा तोहफा: चुनावी साल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में 50% बढ़ोतरी की तैयारी - August 30, 2026
- हो सकता है आप मुझे अगली बार सीएम बनते हुए देखें…डिप्टी सीएम केशव मौर्य के बयान से सियासी चर्चाओं का बाजार गर्म - August 30, 2026
- कहने को मुफ़्त परिवहन, पर शहर-शहर परेशान बहन, रक्षाबंधन पर भाजपा की फ़्री बस सेवा भी जुमला निकली: अखिलेश यादव - August 30, 2026